हमारी पंचायत, दिल्ली
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह को उनके आवास पर पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ. सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनके प्रति सम्मान प्रकट करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें एक महान नेता और अर्थशास्त्री के रूप में याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का भारतीय राजनीति और आर्थिक विकास में योगदान अतुलनीय है। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा दी और वैश्विक स्तर पर देश को आर्थिक सशक्तिकरण का उदाहरण बनाया।
सुक्खू ने यह भी कहा कि उनके विचार और कार्य देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. सिंह के परिवार से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
उन्होंने परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते हुए कहा कि डॉ. सिंह की सादगी और दूरदर्शिता ने उन्हें देशवासियों के दिलों में अमर कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का निधन भारत के लिए एक बड़ी क्षति है और उनके विचारों और कार्यों को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग भी इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का आरंभ किया था, जिनसे राज्य को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में मदद मिली।
