बॉबी पंवार और आईएएस मीनाक्षी के बीच सचिवालय कक्ष में बवाल

बॉबी पंवार और आईएएस मीनाक्षी सुंदरम के बीच सचिवालय कक्ष में बवाल

मारपीट, धक्का-मुक्की के आरोप में बॉबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

प्रेस नोट और सोशल मीडिया से बॉबी पंवार ने रखा अपना पक्ष
हमारी पंचायत, देहरादून

बेरोजगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार और सचिव मीनाक्षी सुंदरम के बीच कहा-सुनी, धक्का-मुक्की और मारपीट होने की बात सामने आयी है। जिसको लेकर सचिव के स्टाफ ने एसएसपी को तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की और रात में ही बॉबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। यह घटना बुधवार सांय 6.30 की है।

सचिव सुंदरम का कहना है कि बॉबी पंवार किसी टेंडर को लेकर अनावश्यक दबाव बना रहा था। उधर, कपिल कुमार, वरिष्ठ निजी सचिव उत्तराखंड शासन द्वारा कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी गई की विश्वकर्मा भवन के कार्यालय कक्ष में बॉबी पंवार नाम के व्यक्ति द्वारा अपने 02 अन्य साथियों के साथ सचिव आवास महोदय व उनके स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली- गलौच की गई।

उन्हे डराते धमकाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई एवं सरकारी कार्य मे बाधा डाली गई। उक्त लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में – मुकदमा अपराध संख्या 475/24 धारा 115(2), 352,351(3), 121(1), 132,221 के तहत अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

देर रात बेरोजगार संघ ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि कुछ भ्रष्ट अधिकारी प्रदेश को दीमक की तरह खा रहे हैं। प्रेस नोट में कहा गया कि यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार यादव के सेवा विस्तार व आय से अधिक संपत्ति के बारे में पूछने पर सचिव से कहासुनी हुई।

बेरोजगार संघ के प्रवक्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार करके 200 करोड़ से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने वाले यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार यादव को सेवा विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आईएएस आर मीनाक्षी सुंदरम से जब पूर्व में भ्रष्टाचार की शिकायत पर की गई कार्यवाही के बारे में सचिवालय में जब बात करने का प्रयास किया गया तो आर मीनाक्षी सुंदरम द्वारा बॉबी पंवार से भ्रष्टाचार के उक्त प्रकरण पर बात न करने के लिए कहा गया।

इसके साथ ही अपने दो अन्य अधिकारियों कपिल कुमार, वरिष्ठ निजी सचिव तथा अनूप डंगवाल अपर निजी सचिव से बॉबी पंवार को बाहर करने के लिए कहा गया तथा बॉबी पंवार को उकसाया गया जिसको लेकर मामूली कहासुनी हुई है।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रवक्ता सुरेश सिंह ने कहा कि प्रदेश के कुछ भ्रष्ट अधिकारी इस प्रदेश को अपनी जागीर समझ बैठे हैं और जब उनसे भ्रष्टाचार एवं नियमविरूद्ध कार्यों से संबंधित सवालों के जवाब मांगे जाते हैं तो वह इसी तरह बदसलूकी करने पर उतर आते हैं। ये वही अधिकारी प्रदेश को दीमक की तरह खत्म करने में लगे हुए हैं आखिर कब तक प्रदेश भ्रष्टाचार की आग में जलता रहेगा।

गौरतलब है कि बॉबी पंवार ने 25 अक्टूबर की फेसबुक पोस्ट पर अनिल यादव के सेवा विस्तार को लेकर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। गौरतलब है कि यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार यादव के सेवा विस्तार पर भी लोग नाराज है।

वीरवार की सुबह सोशल मीडिया पर सामने आकर बॉबी पंवार ने कहा कि सचिव और उनका स्टाफ झूठ बोल रहे हैं और डराने की नाकाम कोशिश की जा रही है। अगर सचाई जाननी है तो सचिव कार्यालय में लगे सीसी फुटेज को पब्लिकली किया जाये , दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *