देश के प्रथम प्रधानमंत्री, स्व0 पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर पुष्पांजलि की अर्पित
हमारी पंचायत, शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि सीपीएस पर उच्च न्यायालय के फैंसले से प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कोई खतरा नही है। सरकार पूरी तरह मजबूत और सुरक्षित है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पहले भी सीपीएस की नियुक्तियां होती रही है।
उन्होंने कहा कि अब इस मामले में आगे क्या करना है यह सरकार को निर्णय करना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन के बारे पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह जल्द ही दिल्ली जाकर कांग्रेस आलाकमान व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला से भेंट कर विचार विमर्श करेंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी विचार विमर्श कर पीसीसी की कार्यकारणी को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह चाहती है कि संगठन में उन लोगों को शामिल किया जाए जो अपना पूरा समय संगठन के कार्यो को दे सकें।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री, स्व0 पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर याद करते हुए पार्टी नेताओं ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस दौरान कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से बहुत प्यार करते थे और बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से पुकारते थे। उन्होंने कहा कि इसी कारण का यह दिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्वल भविष्य के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे कल का भविष्य है इसलिए इनके कल्याण के लिये कार्य करने की बहुत जरूरत है। प्रतिभा सिंह ने बाल दिवस पर बच्चों को अपनी शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान पार्टी कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक व अन्य कार्यकर्ताओ ने पंडित नेहरू के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए।