जनता से 19 फरवरी तक सुझाव–आपत्तियां आमंत्रित, 31 मार्च तक चुनावी औपचारिकताएं पूरी होंगी
हमारी पंचायत, देहरादून
हिमाचल प्रदेश में ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन और नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। राज्य के पंचायती राज विभाग ने 40 नई ग्राम पंचायतों के गठन की प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी है। प्रस्तावित पंचायतों की सीमाओं और स्वरूप को लेकर आमजन से 19 फरवरी तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। प्राप्त सुझावों के आधार पर अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।
इसके साथ ही प्रदेश की 84 मौजूदा पंचायतों का पुनर्गठन भी प्रस्तावित है। वर्तमान में राज्य में 3581 ग्राम पंचायतें हैं, जिनकी संख्या इस प्रक्रिया के बाद बढ़ने की संभावना है।
जिलावार प्रस्तावित नई पंचायतों में कांगड़ा में सबसे अधिक 12 पंचायतें शामिल हैं। इसके अलावा ऊना में 6, बिलासपुर और शिमला में 4–4, जबकि चंबा, हमीरपुर, मंडी और सोलन जिलों में 3–3 नई ग्राम पंचायतों के गठन का प्रस्ताव है।
यह पूरी प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएगी। विभागीय योजना के अनुसार पंचायतों का पुनर्गठन और संबंधित चुनावी औपचारिकताएं 31 मार्च तक पूर्ण कर ली जाएंगी।
