शिमला में छाए हल्के बादल
हमारी पंचायत, शिमला
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में माैसम ने करवट बदली है। रोहतांग के साथ कुल्लू व लाहौल की ऊंची चोटियों पर रुक-रुककर बर्फबारी का दाैर शुरू हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आया है। जिला कुल्लू में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंड भी पहले के मुकाबले अधिक हो गई है।

तापमान में आई गिरावट से रोहतांग के साथ ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। शिमला में भी हल्के बादल छाए हुए हैं। किसान-बागवान बारिश व पर्यटन कारोबारी लंबे समय से बारिश-बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। कुल्लू सहित अन्य जिलों में तीन माह से सूखा पड़ा है।
हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र ताबो में वीरवार रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड हुई। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कुकुमसेरी, समदो और केलांग में भी रात को पारा माइनस में रहा।
शनिवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। तीन दिसंबर तक यहां मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बदलने से अधिकांश क्षेत्रों के तापमान में और कमी दर्ज होने के आसार हैं।
बिलासपुर और मंडी के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम कोहरा पड़ने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में मौसम साफ बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बदलेगा। 4 दिसंबर से सभी जिलों में माैसम साफ रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में पारा गिरने से सड़कों पर पानी जम रहा है, इसके चलते फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.2, सुंदरनगर 4.9, भुंतर 3.2, कल्पा 0.4, धर्मशाला 8.8, ऊना 4.5, नाहन 11.1, पालमपुर 6.0, सोलन 4.5, मनाली 2.5, कांगड़ा 6.2, मंडी 5.6, बिलासपुर 6.3, चंबा 6.8, जुब्बड़हट्टी 8.3, कुकुमसेरी -5.4, भरमाैर 6.0 , सेऊबाग 2.5, धाैलाकुआं 8.1, बरठीं 4.2, समदो -2.2, सराहन 7.1, ताबो -9.4 व देहरा गोपीपुर में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।