कुल्लू व नाचन में स्वतंत्रता दिवस पर रोपे देवदार के 12 सौ पौधे

कुल्लू व नाचन में स्वतंत्रता दिवस पर रोपे देवदार के 12 सौ पौधे

हमारी पंचायत, शिमला

देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जाइका वानिकी परियोजना ने पौधारोपण अभियान को जारी रखा। मंडी जिला के वन मंडल नाचन के अंतर्गत छैनमैगल और कुल्लू के मथाला-पलालंग में वन महोत्सव मनाया गया। पीठ पर पौधे और एक हाथ में तिरंगा लिए महिलाओं ने आजादी का पर्व के साथ पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। वीरवार को ग्राम वन विकास समिति छैनमैगल के तत्वावधान में वन परिक्षेत्र नाचन के तहत जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और ग्रामीणों ने देवदार के एक हजार पौधे रोपे।

पौधारोपण अभियान में जयदेव कमरुनाग स्वयं सहायता समूह छैनमैगल और एकता स्वयं सहायता समूह छैनमैगल के सदस्यों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। ग्राम वन विकास समिति के प्रधान नरेंद्र कुमार, जाइका वानिकी परियोजना के वन परिक्षेत्र नाचन से क्षेत्रीय तकनीकी इकाई समन्वयक रणजीत सिंह समेत वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ कुल्लू जिला के वन परिक्षेत्र भुट्ठी के अंतर्गत ग्राम वन विकास समिति मथाला-पलालंग के तत्वावधान में नलादी में देवदार के 2 सौ पौधे रोपे।

प्रगतिशील स्वयं सहायता समूह मथाला-पलालंग के सदस्यों ने भी अपनी भूमिका निभाई। तकनीकी इकाई समन्वयक वन परिक्षेत्र भुट्ठी शशिभूषण, तकनीकी इकाई समन्वयक वन परिक्षेत्र कुल्लू प्रेमला, ग्राम वन विकास समिति मथाला-पलालंग के अध्यक्ष दलीप सिंह समेत वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने क्षेत्र में ग्रीन कवर बढ़ाने का संकल्प लिया। पौधारोपण के सफल आयोजन के लिए जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक समीर रस्तोगी और परियोजना निदेशक श्रेष्ठा नन्द शर्मा ने कुल्लू और नाचन की टीम की सराहना की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *