हमारी पंचायत, देहरादून
देहरादून में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कड़ा अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण ने साफ संदेश दिया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति और नियमों के विपरीत होने वाले किसी भी निर्माण पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू रहेगी।
हालिया कार्रवाई के तहत सहस्त्रधारा रोड स्थित कुल्हान क्षेत्र में पैसिफिक गोल्फ के पास किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव के निर्देश पर इंजीनियरिंग टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
इसके अलावा ऋषिकेश के वीरभद्र रोड, शिव मंदिर के समीप बने एक अवैध आवासीय भवन को ध्वस्त किया गया। वहीं देहरादून के आरकेडिया ग्रांट क्षेत्र में लगभग 16 बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को भी ध्वस्तीकरण कर समाप्त किया गया।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और गैरकानूनी प्लॉटिंग के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में नियोजित, सुरक्षित और संतुलित शहरी विकास सुनिश्चित करना है।
एमडीडीए का सख्त संदेश
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण कानून के साथ-साथ शहर की आधारभूत संरचना, पर्यावरण और जनसुविधाओं के लिए भी खतरा हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी कार्रवाइयाँ नियमानुसार, पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की जाती हैं और निर्माणकर्ताओं को पहले नोटिस जारी किया जाता है।
एमडीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृति अनिवार्य रूप से प्राप्त करें, ताकि शहर का सुव्यवस्थित और टिकाऊ विकास सुनिश्चित हो सके।

