हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने करनाल पहुंचने पर की प्रेसवार्ता
हमारी पंचायत, करनाल
हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि नए, युवा और महिला विधायकों को कानूनों और नियमों की जानकारी दिलाने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। हरियाणा सरकार सभी लंबित परियोजनाओं को तेजी के साथ आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। सरकार की सभी योजनाएं धरातल तक पहुंचे, लोगों को उनका लाभ मिले, इसी उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ेंगे।
करनाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सभी मुख्यमंत्री व विधायकों का उन्हें निर्विरोध विधानसभा स्पीकर चुनने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को पूरा और पर्याप्त समय अपने क्षेत्र की बात रखने का मिले, इस पर निष्पक्षता से कार्य करूंगा।

जो भी नए प्रस्ताव विधानसभा में लाए जाएंगे, उन पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। कोई भी नई सरकार आती है तो व्यवस्थाएं बनाने में कुछ समय तो लगता ही है, लेकिन सरकार ने तेजी के साथ कार्य शुरू कर दिया है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हरियाणा दिवस एक विशेष दिन है, उसे धूमधाम से मनाया जाएगा। हरियाणा एक हरियाणवी एक के सिद्धांत पर बेहतर करने का संकल्प लिया जाएगा। पराली जलाने की चुनौती पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए, क्योंकि प्रदूषण बढ़ने से जो वातावरणीय नुकसान होता है, उसमें हम सभी रहते हैं। हम सभी ही प्रभावित होते हैं। पराली नहीं जलानी चाहिए।

इससे पहले हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का पीपली में पूर्व मंत्री सुभाष सुधा और उनके समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। करनाल पहुँचने पर घरौंडा विधायक व् हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष के समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।