हमारी पंचायत, कुल्लू/मंडी
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना घर बताते हैं, लेकिन जब राज्य में आपदा आई तो वह एक बार भी हिमाचल प्रदेश नहीं आए और केंद्र की ओर से आपदा प्रभावितों के लिए एक पैसा तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वहीं मदद प्रदान करती है, जहां भाजपा की सरकारें होती हैं और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार होने के कारण केंद्र सरकार ने एक रूपए की मदद भी नहीं भेजी। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का गर्व है कि पूरी कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आपदा में हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ खड़े रहे और प्रभावितों की मदद की। उन्होंने कहा कि सेवा ही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा है और हिमाचल प्रदेश की जनता जानती है कि संकट के समय उनके साथ कौन खड़ा रहा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कुल्लू और मंडी में पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में जनसभाएँ की और ताबड़तोड़ प्रचार किया। उन्होंने रोड शो भी निकला, जिसमें लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने के बाद महिलाओं को 8500 रुपए प्रति माह और एक साल में एक लाख रुपए दिए जाएँगे। सरकारी क्षेत्र में ख़ाली पड़े 30 लाख पदों को भरा जाएगा और इसमें महिलाओं को 50 फ़ीसदी आरक्षण देंगे। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना किया जाएगा और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की क़ानूनी गारंटी का अधिकार देंगे। इसके अतिरिक्त किसान की फसल को नुक़सान होने पर 30 दिन में मुआवज़ा प्रदान किया जाएगा, किसानों की क़र्ज़ माफ़ी के लिए आयोग बनाया जाएगा और कृषि उपकरणों पर सीएसटी ख़त्म किया जाएगा। सरकारी क्षेत्र में 30 लाख नौकरियाँ देंगे और मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाकर 400 रुपए करेंगे।

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार राजस्थान की तर्ज पर देश भर में 25 लाख रुपए का फ्री स्वास्थ्य बीमा प्रदान करेगी। शहरी क्षेत्रों में भी मनरेगा का लागू किया जाएगा और ग्रेजुएट युवाओं के लिए एपरेंटिसशिप कार्यक्रम लागू किया जाएगा, जिसके तहत उन्हें प्रति माह 8500 रुपए का भत्ता प्रदान किया जाएगा।

