उच्च स्तरीय जांच तक आंदोलन जारी रहेगा
हमारी पंचायत, देहरादून
मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट पार्क को पर्यटन विभाग द्वारा आचार्य बालकृष्ण से जुड़ी कंपनी को महज एक करोड़ रुपये वार्षिक लीज पर 15 साल के लिए देने के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। जगह-जगह पुतला दहन कर कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
राजधानी देहरादून में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना और महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यालय से रैली निकालकर क्वालिटी चौक पहुंचे और वहां सरकार का पुतला फूंका।
धस्माना ने आरोप लगाया कि यह घोटाला 30 से 50 हजार करोड़ रुपये तक का हो सकता है, जिसने अब तक के सभी भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में होनी चाहिए।
धस्माना ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं हुईं। न तो ग्लोबल टेंडर जारी हुआ और न ही प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित किया गया। उनका आरोप था कि बालकृष्ण से जुड़ी कई कंपनियों ने सांठगांठ कर यह महाघोटाला अंजाम दिया है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि पेपर लीक, भर्ती, खनन और शराब घोटालों के बाद अब यह नया मामला साबित करता है कि सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है। कांग्रेस जनता को इस भ्रष्ट व्यवस्था से निजात दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करेगी।
इस मौके पर प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, मनीष नागपाल, आलोक मेहता, विपुल नौटियाल, अमर मेहता, कर्नल राम रतन नेगी, कैप्टेन सुबन सिंह सजवान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

