देवप्रयाग में गंगा में समाई इनोवा, तीन की मौत

देवप्रयाग में गंगा में समाई इनोवा, तीन की मौत

राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरा वाहन खाई में गिरा, एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

हमारी पंचायत, देवप्रयाग

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में यात्रियों से भरी एक इनोवा कार गहरी खाई में गिरकर गंगा नदी में समा गई। हादसे में अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि एक घायल को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है। अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। सभी यात्री राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं और चारधाम यात्रा पर निकले थे। देवप्रयाग क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए सैकड़ों फीट नीचे खाई में जा गिरा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए श्रीनगर और ढालवाला से अतिरिक्त फ्लड रेस्क्यू टीमों को भी तैनात किया गया।

संयुक्त बचाव अभियान के दौरान एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को नदी किनारे से निकालकर उपचार के लिए श्रीनगर अस्पताल भेजा गया। वहीं अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं। लापता यात्रियों की तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्र में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि सभी यात्रियों का पता लगाए जाने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहेगा। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

4 Comments

  1. The best platform I have encountered in the region. Very user friendly and the promotions are actually useful for players. Big thanks to ph39jiliph.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *