अनुराग रावत ने 10 किमी दौड़ पूरी कर दिया संदेश— इरादे मजबूत हों तो कोई मंजिल दूर नहीं
हमारी पंचायत, चमोली
सीमांत नीति घाटी में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” में 25 वर्षीय अनुराग रावत ने अपनी अद्भुत इच्छाशक्ति और साहस से सभी का दिल जीत लिया। सेरेब्रल पाल्सी जैसी चुनौती के बावजूद उन्होंने लगभग एक घंटा 45 मिनट में 10 किलोमीटर की कठिन दौड़ पूरी कर यह साबित कर दिया कि मजबूत संकल्प के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
मूल रूप से पौड़ी जिले के निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग ने ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्र, कठिन रास्तों और कम ऑक्सीजन जैसी परिस्थितियों के बीच शानदार प्रदर्शन किया। उनका यह प्रयास प्रतियोगिता का सबसे प्रेरणादायक क्षण बन गया और दर्शकों सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी उनकी हौसला-अफजाई की।
“बियॉन्ड लिमिट्स, बियॉन्ड द कैन्यन” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में अनुराग ने न केवल दौड़ पूरी की, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति के सपनों और क्षमताओं को सीमित नहीं कर सकतीं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह कई खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं और लगातार स्वयं को नई चुनौतियों के लिए तैयार करते रहे हैं।
अनुराग ने कहा कि सीमाएं अक्सर हमारे मन में होती हैं। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और इरादे मजबूत हों, तो किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में इस वर्ष देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सीमांत क्षेत्र में आयोजित इस साहसिक प्रतियोगिता ने खेल, पर्यटन और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया, वहीं अनुराग रावत का प्रदर्शन पूरे आयोजन की प्रेरक पहचान बनकर उभरा।

