3.24 करोड़ से संवरेगी बालावाला नहर

3.24 करोड़ से संवरेगी बालावाला नहर

पुनरोद्धार कार्य शुरू, किसानों को मिलेगी बेहतर सिंचाई सुविधा

हमारी पंचायत, देहरादून

डोईवाला क्षेत्र में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बालावाला नहर और उससे जुड़ी माइनरों के पुनरोद्धार एवं निर्माण कार्यों की शुरुआत कर दी गई है। करीब 3 करोड़ 24 लाख 87 हजार रुपये की लागत वाली इस परियोजना का भूमि पूजन डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया।

परियोजना के तहत बालावाला नहर के कुलों के साथ-साथ शमशेरगढ़, माली मोहल्ला और हर्रावाला माइनरों का पुनरोद्धार और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। लंबे समय से इन क्षेत्रों के किसान सिंचाई व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे, जिसे देखते हुए यह कार्य स्वीकृत किया गया है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक गैरोला ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध होगा, जिससे फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और खेती से जुड़ी समस्याएं कम होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और कृषि विकास उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, किसानों और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसानों को जल्द इसका लाभ मिल सके।

परियोजना के पूरा होने से बालावाला और आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी तथा कृषि उत्पादन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

2 Comments

  1. An interesting discussion is worth comment. I think that you should write more on this topic, it might not be a taboo subject but generally people are not enough to speak on such topics. To the next. Cheers

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *