24 घंटे में तीन हत्याओं से दहली राजधानी

24 घंटे में तीन हत्याओं से दहली राजधानी

15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध मौत ने बढ़ाई चिंता, नशे के लिए बेटे ने पिता को मार डाला

हमारी पंचायत, देहरादून

दिवाली की खुशियों के बीच राजधानी देहरादून में मौत का तांडव देखने को मिला। कहीं मामूली कहासुनी में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई तो कहीं संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे की लत में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। बीते 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे चिंताजनक घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सुरी चौक की है। यहां दिवाली की रात दोस्तों के साथ त्योहार मनाने निकले 15 वर्षीय अर्श अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता नदीम अंसारी के मुताबिक, अर्श 8 नवंबर की दोपहर नेहरू कॉलोनी में अपने दोस्त के घर दिवाली मनाने गया था। रात करीब 12 बजे पिता की बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।

परिजनों के अनुसार, रात करीब तीन बजे अर्श अपने साथियों के साथ कार से सुरी चौक पहुंचा, जहां पहले से कुछ अन्य युवक मौजूद थे। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। कार का दरवाजा दूसरे पक्ष के एक युवक के पैर से टकराने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक युवक ने अर्श को धक्का दिया और इसके बाद 16-17 वर्ष के कई लड़कों ने उस पर हमला कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने अर्श के साथियों को छोड़ दिया, जबकि उसे घसीटकर दूर ले जाकर बेरहमी से पीटा। हालत बिगड़ने पर साथी उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर खून मिलने की बात भी सामने आई है। पिता ने दोस्तों और उनके साथियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। नेहरू कॉलोनी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ घटना में शामिल युवकों की पहचान और पूछताछ में जुटी है।

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला की है। यहां संपत्ति विवाद में गौरव नाम के युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हमले में उसका चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू की।

तीसरी घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया। उपचार के दौरान पिता की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, नितिन नशे का आदी है। सोमवार शाम उसने भांजे ऋषभ रावत से रुपये मांगे। मना करने पर वह दरांती लेकर उस पर हमला करने दौड़ा। पिता बीच-बचाव करने पहुंचे तो बेटे ने उन पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लगातार हुई इन घटनाओं ने राजधानी में अपराध, नशे और युवाओं के बीच बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *