लखनऊ में धामी ने यूपी को बताया सहोदर भाई

लखनऊ में धामी ने यूपी को बताया सहोदर भाई

उत्तराखंड महोत्सव में प्रवासियों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान, गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने की पैरवी

हमारी पंचायत, लखनऊ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को लखनऊ में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड का सहोदर भाई बताते हुए दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी मातृभूमि, बोली-भाषा और लोक संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से लोग कहीं भी रहें, लेकिन अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव बना रहना चाहिए। इससे नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक पहचान और विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों को मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे, निवेश, औद्योगिक विकास और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। दोनों राज्य पर्यटन, धार्मिक यात्रा, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में मिलकर नई संभावनाएं विकसित कर सकते हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने की पैरवी

धामी ने गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया गया है। इससे उत्तराखंड को भी बेहतर सड़क संपर्क और आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ धार्मिक स्थलों के आधारभूत ढांचे और आध्यात्मिक वातावरण को बेहतर बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महापरिषद के पंचांग का विमोचन भी किया। उन्होंने महोत्सव में मिले आत्मीय स्वागत के लिए लखनऊ में रह रहे उत्तराखंड के लोगों और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *