महिला की मौत के बाद गुलदार को मारने के आदेश

महिला की मौत के बाद गुलदार को मारने के आदेश

कोटद्वार के सनेह में दिनदहाड़े हमले से भड़का जनाक्रोश, पकड़ने के प्रयास नाकाम होने पर वन विभाग ने दी गोली मारने की अनुमति; 15 दिन के लिए शूटर तैनात

हमारी पंचायत,कोटद्वार

पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र के सनेह में सोमवार को गुलदार ने दिनदहाड़े महिला कविता कोठियाल को हमला कर मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने महिला का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और गुलदार को मारने की मांग उठाई। बढ़ते विरोध और जनसुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने हमले के लिए जिम्मेदार गुलदार को अंतिम विकल्प के रूप में गोली मारने की अनुमति दे दी है।

मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक कार्यालय की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, गुलदार को पकड़ने के सभी प्रयास विफल रहने पर उसे मारने की अनुमति दी गई है। इसके लिए टिहरी गढ़वाल के नंदनगर निवासी शूटर भीम सिंह को नामित किए जाने की संस्तुति की गई है। अनुमति जारी होने की तारीख से 15 दिन तक प्रभावी रहेगी।

घटना की सूचना मिलते ही मेयर शैलेंद्र रावत, विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के साथ वन मंत्री और विभागीय अधिकारियों से बातचीत की। क्षेत्रवासियों की नाराजगी और लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए गुलदार को मारने की कार्रवाई के लिए पहल की गई।

पहले भी हो चुका था हमला

वन विभाग के आदेश के मुताबिक, कोटद्वार वन प्रभाग के सनेह क्षेत्र में तीन नवंबर को गुलदार ने एक आठ वर्षीय बालिका पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद से वन विभाग उसे पकड़ने के प्रयास कर रहा था। क्षेत्र में पिंजरे लगाए गए, कैमरा ट्रैप और ड्रोन से निगरानी की गई। गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने की अनुमति भी दी गई, लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली।

23 नवंबर को महिला की मौत की घटना के बाद वन विभाग ने जनसुरक्षा के मद्देनजर गुलदार को मारने की अनुमति मांगी थी। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 11(1)(क) के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए अनुमति प्रदान की।

15 दिन में करनी होगी कार्रवाई

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गुलदार को पकड़ने के सभी प्रयास विफल होने और अपरिहार्य परिस्थितियों में ही उसे अंतिम विकल्प के रूप में मारा जाएगा। यह अनुमति केवल हमले के लिए जिम्मेदार चिन्हित गुलदार पर लागू होगी।

वन विभाग को कैमरा ट्रैप, पीटीजेड कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी जारी रखने सहित पांच बिंदुओं में निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों और पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन भी अनिवार्य किया गया है।

15 दिन की अवधि में कार्रवाई होने पर इसकी सूचना तत्काल मुख्य वन संरक्षक कार्यालय को देनी होगी। यदि इस अवधि में गुलदार को नहीं मारा जाता है तो अनुमति स्वतः समाप्त हो जाएगी। ऐसी स्थिति में विभाग को अगले कार्यदिवस पर इसकी जानकारी देनी होगी।

लगातार हो रहे हमलों ने कोटद्वार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल आबादी वाले इलाकों में गुलदार की आवाजाही रोकने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव का है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *