आकांक्षी कार्यक्रम: जिले और विकासखंड सम्मानित

आकांक्षी कार्यक्रम: जिले और विकासखंड सम्मानित

हमारी पंचायत, देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आयोजित सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में आकांक्षी जनपद और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिलों और विकासखंडों को सम्मानित किया। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र और पदक प्रदान कर इन इकाइयों की उपलब्धियों को सराहा गया।

नीति आयोग के आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत तय मानकों की प्रभावी पूर्ति के लिए ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जनपदों को पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने पर गदरपुर (ऊधमसिंह नगर), मोरी (उत्तरकाशी) और स्याल्दे (अल्मोड़ा) विकासखंडों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “Uttarakhand at 25: A Himalayan State With Infinite Possibilities” पुस्तक का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आकांक्षी जिला और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, बुनियादी ढांचे, सामाजिक विकास और वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने बताया कि नीति आयोग की रैंकिंग में वर्ष 2022 में हरिद्वार जनपद ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य का मान बढ़ाया है, जबकि गदरपुर, मोरी और स्याल्दे ने विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और राज्य दोनों तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के मंत्र के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को सरल और प्रभावी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को मजबूत करने के लिए एक जनपद–दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होमस्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज के जरिए पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य अचीवर्स श्रेणी में रहा है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है। खनन तत्परता सूचकांक में भी राज्य ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में भी उत्तराखंड ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। बेस्ट वाइल्डलाइफ और बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन जैसे राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ-साथ राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार 2024 में जाखोल, हर्षिल, गुंजी और सूपी गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में शुरू हुए आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को शामिल किया गया था, जिन्होंने विभिन्न वर्षों में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में देश में शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। वहीं जनवरी 2023 में शुरू हुए आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत चयनित विकासखंडों में से गदरपुर, मोरी और स्याल्दे ने अधिकांश संकेतकों में संतृप्तिकरण हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *