IGMC में निशुल्क होने वाले टेस्टों पर न्यूनतम शुल्क लगाने की तैयारी

IGMC में निशुल्क होने वाले टेस्टों पर न्यूनतम शुल्क लगाने की तैयारी

स्वास्थ्य मंत्रालय दिल्ली की टीम ने डीडीयू और आईजीएमसी में जांचीं व्यवस्थाएं

हमारी पंचायत, शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में मरीजों को मिल रही निशुल्क टेस्ट की सुविधा आने वाले दिनों में बंद हो सकती है। आईजीएमसी में बुधवार को हुई रोगी कल्याण समिति की कार्यकारी समिति की बैठक में इसको लेकर चर्चा की गई।

हालांकि इसको लेकर अंतिम निर्णय प्रदेश सरकार लेगी। बैठक की अध्यक्षता आईजीएमसी प्राचार्य डॉ. सीता ठाकुर ने की। इसमें चर्चा की गई कि अस्पताल में मौजूदा समय में सभी टेस्ट निशुल्क में हो रहे हैं। लिहाजा कुछ टेस्टों पर न्यूनतम शुल्क लगाया जाए। इससे आरकेएस को आमदनी होगी। आरकेएस के पास बजट उपलब्ध होगा तो इससे रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।

बैठक में चर्चा की गई कि मौजूदा समय में किट न होने के कारण कई टेस्ट बंद चल रहे हैं। ऐसे में अगर आरकेएस के पास बजट उपलब्ध होता है तो मरीजों को टेस्ट बंद होने से होने वाली परेशानियों से नहीं जूझना पड़ेगा। इसके अलावा बैठक में कर्मचारियों के लिए पार्किंग पास की फीस 250 रुपये करने पर भी चर्चा की गई है।

IGMC

बैठक में न्यू ट्रॉमा ब्लॉक और कैंसर अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन लगाने से पहले तकनीकी सलाह लेने का निर्णय लिया है। इसके बाद ही आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अस्पताल की सफाई व्यवस्था का टेंडर अभी इसी कंपनी को जारी रखने के लिए कहा गया। बताया जा रहा है कि कंपनी की टेंडर अवधि पूरी हो गई है।

कंपनी को हटा दिया गया तो इससे सफाई व्यवस्था पूरी चौपट हो जाएगी। ऐसे में इस मामले को प्रबंधन सरकार के पास ले जाएगी। बैठक में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव, महापौर सुरेंद्र चौहान, सेमडिकोट अध्यक्ष डॉ. बलवीर वर्मा, कर्मचारी महासंघ के महासचिव हनीष ठाकुर और लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ राकेश चंदा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


स्वास्थ्य मंत्रालय दिल्ली से आई टीम ने बुधवार को शहर के डीडीयू अस्पताल और आईजीएमसी का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पतालों में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

नेशनल प्रोग्राम के बारे में भी जानकारी हासिल की। इस दौरे के दौरान टीम के अधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन से बातचीत भी की। इस आधार पर टीम रिपोर्ट तैयार करेगी जिसे केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा। बुधवार को दिल्ली से आई टीम ने सबसे पहले डीडीयू अस्पताल का दौरा किया।

ओपीडी और वार्डों में जाकर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि टीम अस्पताल की व्यवस्थाओं को संतुष्ट नजर आई। डीडीयू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने टीम के दौरे पर आने की पुष्टि की है। इसके बाद टीम ने आईजीएमसी का दौरा किया।

इस दौरान किसी भी जानकारी के लिए आईजीएमसी प्रबंधन की ओर से अधिकारी की ड्यूटी टीम के साथ लगाई गई थी। टीम प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों और जोनल अस्पताल का दौरा भी करेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *