वन भूमि पर बसे लोगों को मिलेगा मालिकाना हक!

वन भूमि पर बसे लोगों को मिलेगा मालिकाना हक!

बापूग्राम-बिंदुखत्ता समेत कई क्षेत्रों को डी-रिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजेगी धामी सरकार

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड में दशकों से वन भूमि पर बसे परिवारों को भूमिधरी अधिकार मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ऋषिकेश के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता समेत प्रदेश के अन्य ऐसे क्षेत्रों को आरक्षित वन की श्रेणी से बाहर करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति बनी है। इस फैसले से लंबे समय से मालिकाना हक की मांग कर रहे हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि को भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इसके साथ ही बिंदुखत्ता और प्रदेश के अन्य उन क्षेत्रों को भी इसके दायरे में लाने की तैयारी है, जहां बड़ी आबादी लंबे समय से निवास कर रही है। राज्य सरकार अब इन क्षेत्रों को डी-रिजर्व करने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भेजेगी।

पहले केंद्र की मंजूरी, फिर बनेगी नीति

वन मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल ने इन क्षेत्रों को डी-रिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का निर्णय लिया है। इसके बाद उच्चतम न्यायालय की अनुमति से भूमि को डी-नोटिफाई कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। भूमि की कानूनी स्थिति स्पष्ट होने के बाद वहां बसे परिवारों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति तैयार की जाएगी।

इसके लिए मंत्रिमंडल ने उप-मंत्रिमंडलीय समिति का गठन भी किया है। समिति की संस्तुतियों के आधार पर ही लोगों को भूमिधरी अथवा मालिकाना अधिकार देने के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा।

594.94 एकड़ भूमि का मामला अहम

बापूग्राम में लंबे समय से आबादी वन भूमि पर बसी हुई है। यहां जमीनों के मालिकाना हक और नियमितीकरण का मुद्दा लगातार उठता रहा है। इसी तरह नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में भी बड़ी आबादी लंबे समय से भूमि अधिकारों की मांग कर रही है। इन क्षेत्रों को डी-रिजर्व करने की पहल से भूमि नियमितीकरण की दिशा में रास्ता खुल सकता है।

कानूनी प्रक्रिया अभी बाकी

आरक्षित वन भूमि को डी-रिजर्व करना आसान प्रक्रिया नहीं है। इसके लिए केंद्र सरकार की मंजूरी और संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन जरूरी होगा। वन भूमि के बदले निर्धारित नियमों के अनुसार गैर-वन भूमि उपलब्ध कराने अथवा अन्य निर्धारित क्षतिपूर्ति संबंधी औपचारिकताएं भी पूरी करनी पड़ सकती हैं।

फिलहाल कैबिनेट का फैसला मालिकाना हक मिलने की अंतिम मंजूरी नहीं है, बल्कि इसके लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र और न्यायालय की स्वीकृति तथा राज्य सरकार की नीति बनने के बाद ही प्रभावित परिवारों को वास्तविक भूमिधरी अधिकार मिल सकेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *