पंचायत स्तर पुस्तकालयों के निर्माण पर हो रहे हैं 88 करोड़ खर्च : संजय अवस्थी

पंचायत स्तर पुस्तकालयों के निर्माण पर हो रहे हैं 88 करोड़ खर्च : संजय अवस्थी

हमारी पंचायत, सोलन

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकालयों के निर्माण पर 88 करोड़ रुपए खर्च कर रही है ताकि युवाओं को उनके घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की सुविधा मिल सके। संजय अवस्थी अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुंहर के राजकीय उच्च विद्यालय लढोग में आयोजित वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे।

संजय अवस्थी ने कहा कि बेहतर शिक्षा प्राप्त करने में पुस्तकालयों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर पुस्तकें और स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत स्तर तक पुस्तकालय और वाचनालय बनाए जा रहे हैं।

इनके माध्यम से युवा स्कूल और कॉलेज स्तर पर प्राप्त शिक्षा को बेहतर बना सकेंगे। इस वर्ष ग्राम पंचायत स्तर पर 493 पुस्तकालय बनाए जाएंगे और यहां पुस्तकें और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि एकाग्रता, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने और एक आदर्श कार्य योजना बनाकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।

विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को सहज एवं स्वाभाविक शिक्षा प्रदान की जानी चाहिए ताकि मानसिक विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए अनुकूल वातावरण एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना आवश्यक है। इस दिशा में राज्य सरकार निरन्तर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षण प्रक्रिया में शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबन्धन समिति की भी अग्रणी भूमिका होती है। संजय अवस्थी ने कहा कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं नैतिक मूल्य प्रदान करना भी आवश्यक है।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को अपनी संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं परम्पराओं से अवगत कराएं ताकि विद्यार्थी बेहतर चरित्रवान एवं अच्छे नागरिक बन सकें।

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार की ओर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर कृषि एवं दुग्ध उत्पादन को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 38 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 45 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 47 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 55 रुपये प्रति लीटर किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य दूध उत्पादन के माध्यम से आर्थिकी में सुधार लाना है। इस अवसर पर संजय अवस्थी ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे शिक्षा को बोझ न समझकर व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उज्ज्वल भविष्य का साधन समझें।

उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। विधायक ने राजकीय उच्च विद्यालय लढोग के भवन निर्माण के प्रारूप को स्वीकृत करवाने के लिए मामले को उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *