हमारी पंचायत, शिमला
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और गांव-गांव में चुनावी माहौल बनता नजर आने लगा है। राज्य में 12 जिला परिषदों के कुल 252 सदस्यों, 92 ब्लॉक समितियों के लगभग 1700 सदस्यों तथा 3753 ग्राम पंचायतों में करीब 22 हजार वार्ड पंच, प्रधान और उपप्रधान के पदों पर चुनाव होना प्रस्तावित है। इन चुनावों के माध्यम से हजारों जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे, जो ग्रामीण विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी शेड्यूल जल्द जारी किए जाने की संभावना है, जिसके बाद आचार संहिता लागू होते ही चुनावी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। फिलहाल संभावित प्रत्याशियों ने बिना आधिकारिक घोषणा के ही अपने-अपने स्तर पर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। गांवों में जनसंपर्क, बैठकों और सामाजिक आयोजनों के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
इन चुनावों को लेकर न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में बल्कि कस्बों और शहरों में भी हलचल बढ़ गई है, क्योंकि पंचायत चुनाव स्थानीय स्तर की राजनीति का आधार माने जाते हैं। यही प्रतिनिधि आगे चलकर बड़े राजनीतिक समीकरणों को भी प्रभावित करते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार के पंचायत चुनाव कई मायनों में अहम होंगे, क्योंकि इसमें युवा और नए चेहरों की भागीदारी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, महिला आरक्षण और सामाजिक समीकरण भी चुनावी परिणामों को प्रभावित करेंगे।
जैसे-जैसे चुनावी तारीखों का ऐलान नजदीक आएगा, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां और तेज होंगी और प्रदेश का ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह चुनावी रंग में रंगता नजर आएगा।

