कांग्रेस का हस्ताक्षर दांव, 23 को शक्ति प्रदर्शन

कांग्रेस का हस्ताक्षर दांव, 23 को शक्ति प्रदर्शन

शैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से राजभवन तक पदयात्रा, अंकिता कांड और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जुटाएगी जनसमर्थन

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलना शुरू कर दिया है। प्रदेशभर में शुरू किए गए हस्ताक्षर अभियान के जरिए पार्टी अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता का समर्थन जुटाने की तैयारी में है। अभियान के अगले बड़े चरण में 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकालेंगे। इस दौरान अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों वाले बैनर और पर्चे राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।

कांग्रेस ने 10 नवंबर से प्रदेशभर में इस अभियान की शुरुआत की है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर के गोला पार्क से अभियान का आगाज करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव, बाजार, ब्लॉक, जिला और शहरों में लोगों तक पहुंचने का आह्वान किया। पार्टी का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना है। इसके तहत लोग तैयार किए गए बैनरों पर हस्ताक्षर करेंगे, जबकि पंजीकरण शीट में अपना नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज कराएंगे।

कांग्रेस ने अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित करने की योजना बनाई है। पहले चरण में 10 से 15 नवंबर तक जिला, ब्लॉक और नगर स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। अभियान के अगले चरण में 25 से 30 नवंबर तक जिला और महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रतीकात्मक अदालतें लगाई जाएंगी।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि हस्ताक्षर अभियान के पीछे मुख्य उद्देश्य अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार की भूमिका और कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना है। इसके अलावा दो मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को भी अभियान में शामिल किया गया है। उनका कहना है कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए सड़कों पर है और सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के इस अभियान को राजनीतिक दिखावा करार दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी का कहना है कि कांग्रेस कभी परिवर्तन यात्रा, कभी धन्यवाद यात्रा और कभी न्याय यात्रा निकालती है। जब ये यात्राएं सफल नहीं हुईं तो अब हस्ताक्षर अभियान का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को प्रमाणित करे। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने के बजाय अपने नेताओं के एकीकरण के लिए अभियान चलाना चाहिए।

इधर, भाजपा भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है। ऐसे में नवंबर का दूसरा पखवाड़ा प्रदेश की राजनीति के लिहाज से खासा महत्वपूर्ण रहने वाला है। एक ओर कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान और पदयात्रा के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं भाजपा संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *