पूजा, थाली भेंट और हेलीकॉप्टर दर्शन से हुई सबसे ज्यादा कमाई, 2026 के यात्रा सीजन में मंदिर समिति को मिली रिकॉर्ड आय
हमारी पंचायत, रुद्रप्रयाग
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 के यात्रा सीजन की आय का पूरा ब्योरा सामने आ गया है। इस वर्ष श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को विभिन्न स्रोतों से कुल 51 करोड़ 18 लाख 45 हजार 901 रुपये की आय हुई है। 11 नवंबर को कपाट बंद होने के अंतिम दिन तक दर्ज इस आय में श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना, थाली भेंट, दान और अन्य धार्मिक व्यवस्थाओं से प्राप्त राशि शामिल है।
मंदिर समिति की दैनिक आय रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष आय का सबसे बड़ा स्रोत पूजा काउंटर रहा। इसके माध्यम से मंदिर समिति को 20 करोड़ 31 लाख 28 हजार 800 रुपये प्राप्त हुए। वहीं, श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई थाली भेंट से 10 करोड़ 40 लाख 24 हजार 380 रुपये की आय हुई। यात्रा के अंतिम दिन भी भक्तों ने 1 लाख 651 रुपये थाली भेंट के रूप में अर्पित किए।
हेलीकॉप्टर से धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित प्राथमिक दर्शन व्यवस्था से मंदिर समिति को 8 करोड़ 58 लाख 53 हजार 100 रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा आरटीजीएस और चेक के माध्यम से दान एवं विशेष पूजा मद में 6 करोड़ 39 लाख 91 हजार 822 रुपये जमा हुए। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि श्रद्धालु पारंपरिक दान के साथ डिजिटल और बैंकिंग माध्यमों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
आय के अन्य स्रोतों में अटका, सामान्य दान और भोग व्यवस्था से 2 करोड़ 63 लाख 89 हजार 258 रुपये प्राप्त हुए। विशिष्ट दानदाताओं ने 92 लाख 9 हजार 420 रुपये का योगदान दिया, जबकि अधीनस्थ मंदिरों से 84 लाख 48 हजार 28 रुपये की आय हुई। प्रोटोकॉल दर्शन शुल्क से 67 लाख 37 हजार 500 रुपये और प्रसाद काउंटरों की बिक्री से 29 लाख 9 हजार 700 रुपये मंदिर समिति के खाते में जमा हुए।
इसी तरह विश्राम गृहों से 8 लाख 94 हजार 500 रुपये और संपत्तियों के किराये से 1 लाख 83 हजार 301 रुपये की आय हुई। मनी ऑर्डर के माध्यम से श्रद्धालुओं ने 65 हजार 92 रुपये भेजे, जबकि पारंपरिक बंधान पूजा से 11 हजार रुपये प्राप्त हुए।
कुल मिलाकर, वर्ष 2026 का यात्रा सीजन केदारनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ राजस्व संग्रह के लिहाज से भी उल्लेखनीय रहा। मंदिर समिति को उम्मीद है कि इस आय से आगामी वर्षों में धाम में यात्री सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच चुकी है। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु यहीं बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

