संविधान दिवस पर सीएम धामी ने की घोषणाएं

संविधान दिवस पर सीएम धामी ने की घोषणाएं

अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख, कार्यालय होंगे आधुनिक, विधि रथ को दिखाई हरी झंडी

हमारी पंचायत, देहरादून

संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने, अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जनपदों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने की घोषणा की।

पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित संविधान एवं विधि दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभियोजन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही आमजन को भी इन कानूनों के प्रावधानों और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के कार्यालयों में कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन कदमों से अभियोजन व्यवस्था की कार्यक्षमता बढ़ेगी और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद किया। इस अवसर पर विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड अभियोजन पत्रिका और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया।

धामी ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करें और तथ्यों को निष्पक्षता के साथ न्यायालय के सामने रखें, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। कानून का शासन तभी प्रभावी हो सकता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *