उत्तराखंड में 34 अफसरों के तबादले

उत्तराखंड में 34 अफसरों के तबादले

13 IAS और 17 IPS अधिकारियों की नई तैनाती, PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के विभागों में भी फेरबदल

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड में शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। दो अलग-अलग आदेशों के तहत 13 आईएएस, 17 आईपीएस, दो पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। पुलिस महकमे में हुए फेरबदल के तहत छह जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं। नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, चमोली और बागेश्वर को नए पुलिस अधिकारी मिले हैं।

13 IAS अधिकारियों के विभाग बदले

प्रशासनिक फेरबदल में प्रमुख सचिव एल. फैनई को आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके पास खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, परिवहन निगम के अध्यक्ष और आयुक्त कृषि उत्पादन की जिम्मेदारी भी रहेगी।

दिलीप जावलकर को वित्त विभाग के सचिव पदभार से मुक्त किया गया है। उनके निर्वाचन, जलागम और मुख्य परियोजना निदेशक जलागम के दायित्व यथावत रहेंगे। डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा से तकनीकी शिक्षा विभाग लेकर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बृजेश कुमार संत को औद्योगिक विकास (खनन), आबकारी और महानिदेशक खनन के प्रभार से मुक्त कर खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं, डॉ. आर. राजेश कुमार को औद्योगिक विकास (खनन) और महानिदेशक खनन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

युगल किशोर पंत को संस्कृति और सचिवालय प्रशासन के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रंजना राजगुरु से आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग का प्रभार लेकर नियोजन विभाग सौंपा गया है। रीना जोशी को श्रम विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है।

विनीत कुमार को श्रम विभाग से हटाकर जलागम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मनुज गोयल को उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के साथ वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है। मेहरबान सिंह बिष्ट से सहकारिता विभाग लेकर गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अभिनव शाह को सहकारिता विभाग और निबंधक सहकारिता का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

छह जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान

पुलिस विभाग में 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी बनाया गया है।

ऊधमसिंह नगर में मणिकान्त मिश्र को नया एसएसपी बनाया गया है। टिहरी में सरिता डोबाल को एसएसपी की जिम्मेदारी मिली है। पौड़ी में देवेन्द्र पींचा और चमोली में अमित श्रीवास्तव-द्वितीय को नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। बागेश्वर में जगदीश चन्द्र को एसपी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव का सेनानायक, श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक और अजय गणपति कुम्भार को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है।

अमित श्रीवास्तव-प्रथम को एसपी अभिसूचना, विशाखा अशोक भदाणे को एसपी पुलिस मुख्यालय, सर्वेश पंवार को एसपी सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय और जितेन्द्र मेहरा को एसपी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। सुरजीत पंवार को भी एसपी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस नियुक्त किया गया है।

PCS और सचिवालय सेवा में भी बदलाव

पीसीएस अधिकारी बीएस चलाल को प्रतीक्षा सूची से हटाकर निदेशक डेयरी विकास और निदेशक महिला डेयरी विकास बनाया गया है। इलागिरी को इन दोनों पदों से मुक्त कर अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी दी गई है।

सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण के प्रभार से मुक्त किया गया है। उनके पास समाज कल्याण और सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी बनी रहेगी। महिमा रौंकली को राजस्व और सैनिक कल्याण विभाग के साथ अपर सचिव वन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *