आसमान में छाया काले धुएं का गुबार, दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
हमारी पंचायत, विकासनगर
देहरादून के सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया में आसन नदी किनारे स्थित कबाड़ के एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठते काले धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। घटना से आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग लगने की सूचना मिलते ही सेलाकुई थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कबाड़ के गोदाम में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल रही थी और उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सेलाकुई थाने के एसएसआई संदीप पंवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

