सोनिया गांधी ने किया वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

सोनिया गांधी ने किया वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

प्रियंका बोलीं – ‘उन्होंने हिमाचल को नई दिशा दी’

रिज मैदान पर कांग्रेस का बड़ा कार्यक्रम, वीरभद्र की विरासत को नमन

हमारी पंचायत, शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में नई पीढ़ी और पुरानी परंपरा का संगम दिखा जब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे। सोनिया गांधी ने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। 

प्रियंका गांधी ने कहा – “वीरभद्र सिंह राजनीति में सच्चाई के प्रतीक थे” 
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वीरभद्र सिंह जैसे नेता दुर्लभ होते हैं, जिन्होंने जनता की भलाई को राजनीति से ऊपर रखा।  “महात्मा गांधी ने देश को और वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को जो रास्ता दिखाया, वही कांग्रेस की आत्मा है,” उन्होंने कहा। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज की राजनीति को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो सोशल मीडिया से आगे बढ़कर जनता के बीच काम करें। उन्होंने राहुल गांधी को निडर और सच बोलने वाला नेता बताते हुए कहा कि कांग्रेस की यही विचारधारा देश के विकास की असली राह है। 

केंद्र पर भेदभाव का आरोप 
प्रियंका गांधी ने हिमाचल की आपदा राहत में केंद्र सरकार की अनदेखी पर सवाल उठाया। 
“सैंकड़ों परिवार तबाह हुए, मुख्यमंत्री ने केंद्र से मदद मांगी, पर राजनीतिक कारणों से सहायता नहीं दी गई। भाजपा की राजनीति केवल चुनाव जीतने तक सीमित है,” उन्होंने कहा। 

मुख्यमंत्री सुक्खू बोले – “वीरभद्र सिंह जनता के सड़कों के नेता थे” 
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उन्हें वीरभद्र सिंह के साथ काम करने का सौभाग्य मिला और उन्होंने उनसे जनता की सेवा का जज़्बा सीखा। 
“इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, जबकि उस समय भाजपा इसका विरोध कर रही थी,” उन्होंने कहा। 
सुक्खू ने कहा कि सोनिया गांधी की सोच से हिमाचल को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी संस्थाएं मिलीं। 

प्रतिभा सिंह और अग्निहोत्री ने दी श्रद्धांजलि 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह क्षण पूरे कांग्रेस परिवार के लिए भावनात्मक है। 
“वीरभद्र सिंह ने सादगी, ईमानदारी और जनता से जुड़े रहने की मिसाल कायम की। मुख्यमंत्री सुक्खू भी उसी राह पर चल रहे हैं,” उन्होंने कहा। 
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरभद्र सिंह को “आधुनिक हिमाचल का निर्माता” बताया। 
“वे आधी रात तक जनता की समस्याएं सुनते थे। शिक्षा, महिलाओं और गरीबों के उत्थान के लिए उनका योगदान अमूल्य है,” उन्होंने कहा। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा – “यह मेरे जीवन का भावनात्मक क्षण है” 
लोक निर्माण मंत्री और वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज का दिन उनके जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण है। 
“पिता ने विकास और विश्वास की जो परंपरा शुरू की, मैं उसे आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा हूं,” उन्होंने कहा। 

कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में दिखी एकजुटता 
इस मौके पर कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी विदित चौधरी, चेतन चौहान, वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और पूर्व मंत्री मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोनिया गांधी और उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी को सम्मानित किया। 

रिज मैदान पर हुआ यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए भावनात्मक पल था। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अब उनकी उस विरासत की प्रतीक बन गई है जिसने पहाड़ों में विकास और लोकसेवा की नई परिभाषा लिखी। 

1 Comment

  1. [7286]crypto bets লগইন এবং বিকাশ দিয়ে ক্যাসিনো ডিপোজিট,crypto bets লগইন করে উপভোগ করুন সেরা অনলাইন স্লট গেম এবং লাইভ ক্যাসিনো খেলার নিয়ম। আজই crypto bets app download করে খেলা শুরু করুন। visit: crypto bets

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *