2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, खरगे-राहुल ने दिए टिप्स

2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, खरगे-राहुल ने दिए टिप्स

दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक, चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों पर हुई चर्चा

हमारी पंचायत, नई दिल्ली/देहरादून

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

उत्तराखंड कांग्रेस के नेता पिछले तीन दिनों से दिल्ली में हैं। रविवार को रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की मेगा रैली और मार्च में शामिल होने के बाद सोमवार को प्रदेश के नेताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। बैठक में कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को आगामी चुनाव के मद्देनजर सक्रियता बढ़ाने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर हुई बैठक में राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कुमारी सैलजा मौजूद रहीं। उत्तराखंड की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत तथा प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा ने हिस्सा लिया।

जनहित के मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने की सलाह

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विस्तार से रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को छोटे-बड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और सरकार को घेरने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी। साथ ही चुनाव प्रचार को प्रभावी बनाने, जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों पर एकजुट होकर अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनाव के लिए प्रदेश स्तर पर समन्वय और रणनीतिक सक्रियता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

उत्तराखंड कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसमें विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस बैठक को उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि प्रदेश संगठन को समय रहते सक्रिय कर चुनावी अभियान को मजबूती दी जाए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *