करवा चौथ पर महिला कर्मचारियों को छुट्टी

करवा चौथ पर महिला कर्मचारियों को छुट्टी

29 अक्टूबर को अवकाश, देहरादून समेत प्रदेशभर के बाजारों में बढ़ी रौनक

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड की धामी सरकार ने करवा चौथ के अवसर पर महिला कर्मचारियों को अवकाश की सौगात दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गुरुवार 29 अक्टूबर को प्रदेश के शासकीय और अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इससे व्रत रखने वाली महिलाओं को त्योहार मनाने के लिए राहत मिलेगी।

बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

करवा चौथ को लेकर प्रदेशभर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पति की लंबी आयु की कामना के लिए निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं सोलह शृंगार और पूजा की तैयारियों में जुटी हैं। कपड़े, आभूषण, चूड़ियों, सौंदर्य प्रसाधनों और पूजा सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है।

देहरादून में भी बाजार और ब्यूटी पार्लरों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं मेहंदी लगवाने, फेशियल और मेकअप के लिए पहले से बुकिंग करा रही हैं। पार्लर संचालकों के मुताबिक, त्योहार से पहले मेहंदी की मांग विशेष रूप से बढ़ी है। महिलाएं हाथों और पैरों पर मेहंदी लगवा रही हैं।

पार्लरों में मेहंदी और मेकअप की मांग

ब्यूटी पार्लर पहुंचीं आरती गोयल ने बताया कि उन्हें करवा चौथ का बेसब्री से इंतजार रहता है। यह सुहागिन महिलाओं के पसंदीदा त्योहारों में से एक है, जिसे वे उत्साह और खुशी के साथ मनाती हैं।

ब्यूटी पार्लर संचालिका ऋतु के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से पार्लर में कामकाज अच्छा चल रहा है। महिलाएं सजने-संवरने के लिए लगातार पहुंच रही हैं। त्योहार को देखते हुए उनके पार्लर में फेशियल और मेकअप पर विशेष छूट भी दी जा रही है।

सर्राफा बाजार में भी बढ़ी ग्राहकी

सर्राफा व्यापारी केतन अरोड़ा ने बताया कि करवा चौथ के चलते महिलाओं में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह है और कारोबार भी अच्छा चल रहा है। महिलाएं आभूषण खरीदने के लिए बाजार पहुंच रही हैं।

करवा चौथ पर सोलह शृंगार का विशेष महत्व होने के कारण साड़ी, सूट, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, करवा, छलनी, पूजा की थाली और सोने-चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ गई है। कई जगह पति भी अपनी पत्नी के साथ बाजार पहुंचकर उपहार खरीद रहे हैं।

त्योहारी सीजन के बीच बढ़ती ग्राहकी से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि करवा चौथ के साथ बाजार में बढ़ी चहल-पहल से कारोबार को अच्छा सहारा मिलेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *