प्रियंका ने राज्य सरकार की पीठ थपथपाई

मोदी ने पूरी ताक़त के साथ राज्य सरकार को गिराने का प्रयास कियाः प्रियंका गांधी

हमारी पंचायत, चम्बा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज काँगड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार आनंद शर्मा के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने चंबा और शाहपुर के चंबी में जनसभाएँ की और कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों का जिताने की अपील की। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल देवभूमि और वीरभूमि है, यहां के लोग ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साज़िश के तहत पूरे धनबल के साथ राज्य के ईमानदार लोगों की चुनी हुई ईमानदार सरकार को गिराने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मोदी को हिमाचल प्रदेश के लोगों से कोई प्यार नहीं है, बल्कि भाजपा नेताओं का एकमात्र मक़सद सभी हथकंडे अपनाकर सत्ता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना घर बताते हैं, लेकिन जब राज्य में आपदा आई तो वह एक बार भी हिमाचल प्रदेश नहीं आए और केंद्र की ओर से आपदा प्रभावितों के लिए एक पैसा तक नहीं दिया।


कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पिछले दस साल में मोदी सरकार ने केवल अपने खरबपति मित्रों को खुश करने की नीतियाँ बनाईं। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के लिए केंद्र सरकार के पास पैसे नहीं हैं, जबकि उन्होंने उद्योगपतियों को 16 लाख करोड़ रुपए के कर्ज़ माफ़ किए और देश के संसाधन उनको सौंपे जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सेब के कोल्ड स्टोर उद्योगपति मित्रों को सौंप दिए हैं, जो सेब के दाम कंट्रोल कर रहे हैं, जिसके कारण सेब बाग़वानों को सेब के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं। इसके साथ ही सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाई, जिससे सेब बाग़बानों को नुकसान हुआ। कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रही, लेकिन कभी भी जनता के हितों के साथ समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ग़लत नीतियों के कारण महंगाई और बेरोज़गारी बढ़ी है। इन्हीं ग़लत नीतियों का नतीजा अग्निवीर योजना है, जिसमें चार साल बाद युवा बेरोज़गार हो जाता है, उन्हें पेंशन नहीं मिलती और शहादत पर उन्हें कोई आर्थिक मदद भी नहीं दी जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही वन रैंक-वन पेंशन योजना दी थी।


प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने के बाद महिलाओं को 8500 रुपए प्रति माह और एक साल में एक लाख रुपए दिए जाएँगे। सरकारी क्षेत्र में ख़ाली पड़े 30 लाख पदों को भरा जाएगा और इसमें महिलाओं को 50 फ़ीसदी आरक्षण देंगे। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना किया जाएगा और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की क़ानूनी गारंटी का अधिकार देंगे। इसके अतिरिक्त किसान की फसल को नुक़सान होने पर 30 दिन में मुआवज़ा प्रदान किया जाएगा, किसानों की क़र्ज़ माफ़ी के लिए आयोग बनाया जाएगा और कृषि उपकरणों पर सीएसटी ख़त्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार राजस्थान की तर्ज पर देश भर में 25 लाख रुपए का फ्री स्वास्थ्य बीमा प्रदान करेगी। शहरी क्षेत्रों में भी मनरेगा का लागू किया जाएगा और ग्रेजुएट युवाओं के लिए एपरेंटिसशिप कार्यक्रम लागू किया जाएगा, जिसके तहत उन्हें प्रति माह 8500 रुपए का भत्ता प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा डबल इंजन सरकार की बात करती थी, लेकिन कांग्रेस डबल सेवा की बात करती है, इसलिए केंद्र में कांग्रेस को सरकार बनाइए। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष में भाजपा सबसे अमीर पार्टी बन गई क्योंकि छापे मारकर चंदा वसूल किया गया।
प्रियंका ने राज्य सरकार की पीठ थपथपाई


कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार तमाम मुश्किलों के बावजूद ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करने के लिए दिन-रात काम कर रही है और सभी गारंटियों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर नीयत साफ तो कोई भी सरकार अच्छा कर सकती है और कांग्रेस की सरकार ने यह करके दिखाया है। पुरानी पेंशन कर्मचारियों के लिए बहाल की है और 1500 रुपए पेंशन की योजना को भी लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से कटौती कर प्रभावित परिवारों की मदद की। उन्होंने कहा कि सेवा ही कांग्रेस पार्टी की परंपरा है। उन्होंने कहा कि काँगड़ा लोकसभा क्षेत्र के लोग कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा पर भरोसा कर सकते हैं और उन्हें इस क्षेत्र से विजयी बनाएँ। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *