प्रदेश में पंचायत घरों के निमार्ण के लिए व्यय होंगे 47 करोड़ : अनिरुद्ध सिंह

प्रदेश में पंचायत घरों के निमार्ण के लिए व्यय होंगे 47 करोड़ : अनिरुद्ध सिंह

हमारी पंचायत, सोलन

हिमाचल ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य कर रही है। कहा कि प्रदेशभर में इस वित्त वर्ष में पंचायत घरों के निर्माण के लिए 47 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। अनिरुद्ध सिंह शुक्रवार को नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रेडू उपरला, रिया, पंजेहरा और बाहा में लगभग 1.35 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और आधारशिला रखने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

अनिरुद्ध सिंह ने नालागढ़ उपमंडल की रेडू उपरला पंचायत में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित, रिया पंचायत में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित और बाहा पंचायत में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत घरों का लोकार्पण किया। उन्होंने पंजेहरा में 35 लाख रुपये से निर्मित होने वाले मैरिज हॉल की आधारशिला भी रखी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में ग्रामीण क्षेत्रों में 1000 स्वयं सहायता समूह गठित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन समूहों को लगभग 32 करोड़ रुपए की राशि सामुदायिक निवेश एवं रिवॉलविंग निधि के रूप में और 50 करोड़ रुपये ऋण के रूप में देने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान सरकार की ओर से अब पंचायत घरों के निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा रही है। पंचायत घरों का बहुआयामी उपयोग के लिए सरकार यथासंभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने ग्राम पंचायत रेडू उपरला में खेल मैदान के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायत रेडू उपरला के नव निर्मित पंचायत घर में बैठक कक्ष निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत रिया, रेडू उपरला व बाहा के नवनिर्मित पंचायत भवन के ऊपर बैठक कक्ष बनाने के लिए 15-15 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि शीघ्र उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जर्जर हालत में पंचायत घरों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

इस दौरान ब्लाॅक अध्यक्ष हुसन चंद, रेडू उपरला की प्रधान राज कुमारी, पंजेहरा के प्रधान राजेंद्र कुमार, रिया की प्रधान अनीता देवी, बाहा की प्रधान रिशमा देवी, बघेरी के प्रधान बलदेव सिंह, रेडू उपरला उप-प्रधान मंगल सिंह, पंजेहरा के उप-प्रधान कृष्ण गोपाल, रिया के उप-प्रधान लखविंद्र सिंह, बाहा के उप-प्रधान हीरा लाल, ट्रक यूनियन नालागढ़ के पूर्व प्रधान चौधरी विद्या रतन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *