मस्ताड़ी के लिए झूला पुल पर चढ़े पूर्व प्रधान

मस्ताड़ी के लिए झूला पुल पर चढ़े पूर्व प्रधान

विस्थापन की मांग पर सड़क जाम, डीएम से वार्ता के बाद खत्म हुआ आंदोलन

हमारी पंचायत, उत्तरकाशी

उत्तरकाशी के मस्ताड़ी गांव के विस्थापन समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन किया। आक्रोशित पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल पेट्रोल की बोतल लेकर गंगा मंदिर के समीप झूला पुल के पिलर पर चढ़ गए। वहीं, उनके समर्थन में उतरे बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूर्व प्रधान को नीचे उतारने का प्रयास किया।

मस्ताड़ी गांव के ग्रामीण लंबे समय से भू-धंसाव की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों की प्रमुख मांग गांव का विस्थापन है। इसके अलावा इंद्रावती नदी पर किशनपुर तक बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने, देवस्नान घाट के निर्माण एवं जीर्णोद्धार और मोक्ष घाट बनाने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों का कहना था कि इन समस्याओं को लेकर लगातार मांग उठाने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम शालिनी नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। बाद में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर मस्ताड़ी और बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल झूला पुल के पिलर से नीचे उतरे और ग्रामीणों ने मोटर मार्ग से जाम हटा दिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

घाट निर्माण और बाढ़ सुरक्षा पर बनी सहमति

प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता में इंद्रावती नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य, मोक्ष घाट और स्नान घाट से जुड़े कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास करने पर सहमति बनी। हरि महाराज स्नान घाट के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे। इन कार्यों में पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल प्रशासन को सहयोग करेंगे।

वहीं, मस्ताड़ी गांव के विस्थापन के मुद्दे पर ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर चर्चा करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने अठाली-चामकोट-दिलसौड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग भी उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मांगों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *