देहरादून से दिल्ली रूट पर पुराने डिज़ल बसों की जगह लेंगी सीएनजी बसें

देहरादून से दिल्ली रूट पर पुराने डिज़ल बसों की जगह लेंगी सीएनजी बसें

175 बसों के खरीद के प्रस्ताव के निर्णय पर उचित स्तर पर वार्ता
मुख्य सचिव ने कहा, रोडवेज 30 नई बसों को जल्द चलाए

हमारी पंचायत, देहरादून
दिल्ली में प्रदूषण के चलते पुराने मॉडल की डीजल बसों पर लगे प्रतिबंध के कारण आमजन को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम (यूटीसी) को शॉर्ट टर्म एक्शन प्लान पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सोमवार को सचिव परिवहन और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक में बस सेवाओं में सुधार और नई बसों की खरीद पर तत्काल वार्ता करने के आदेश दिए। मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि दिल्ली के लिए रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए जाएं, खासतौर पर वीकेंड पर बसों की फ्रीक्वेंसी में इजाफा किया जाए।

इसके साथ ही गाजियाबाद के मोहन नगर और कौशाम्बी तक बसों के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। बैठक में जानकारी दी गई कि 100 सीएनजी बसों की खरीद प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसमें से 30 बसें निगम को प्राप्त हो गई हैं। सीएस ने इन बसों का संचालन शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण मानकों को पूरा करने वाली बसें ही प्रवेश कर सकेंगी, जबकि सामान्य बसें मोहन नगर और कौशाम्बी तक ही चलेंगी। बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि प्रतिबंध से पहले रोडवेज की दिल्ली रूट पर 504 बस सेवाएं संचालित होती थीं, लेकिन वर्तमान में 310 बसें ही इस रूट पर चल रही हैं।

प्रदूषण के कारण 194 बसें प्रतिबंधित की गई हैं। हालांकि, फ्रीक्वेंसी बढ़ने से यात्रियों को अब किसी विशेष असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को भ्रामक सूचनाओं को स्पष्ट करने और आमजन को वास्तविक जानकारी देने के निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *