SIR में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
हमारी पंचायत, हरिद्वार
एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को हरिद्वार में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग उठाई। मार्च शिवमूर्ति से शुरू होकर शहीद पार्क होते हुए कोतवाली हरिद्वार के सामने पहुंचा। मार्च के दौरान कांग्रेसजनों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद गंगा में स्नान कर देश को कथित भ्रष्टाचार और चुनावी अनियमितताओं से मुक्त कराने तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रार्थना की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संघर्ष अब पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब देने की मांग की। मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, सह प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत हरिद्वार क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधायक, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
