चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, 56.18 लाख के पार पहुंचे श्रद्धालु

चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, 56.18 लाख के पार पहुंचे श्रद्धालु

2023 का रिकॉर्ड टूटा, केदारनाथ-बदरीनाथ समेत चारों धामों में बढ़ा श्रद्धालुओं का रुझान

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया है।

इस वर्ष केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को उत्तराखण्ड में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते रुझान के तौर पर देखा जा रहा है।

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर प्रशासन की ओर से लगातार काम किया गया। यात्रा मार्गों पर प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।

राज्य सरकार के अनुसार केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है और सरकार का प्रयास है कि उसकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों का भी आभार जताया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *