PMGSY के तहत 610 बसावटों को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य, शिवराज सिंह चौहान ने दिया आश्वासन
हमारी पंचायत, नई दिल्ली
उत्तराखंड की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए भेजे गए 315 सड़क प्रस्तावों को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत इन प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्तावों पर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से 315 सड़कों के प्रस्ताव केंद्र को भेजे हैं। इनके स्वीकृत होने और निर्माण से 610 बसावटों को सड़क संपर्क उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन आसान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी जरूरी सुविधाओं तक पहुंच बेहतर हो सकेगी।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों में सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की बुनियादी जरूरत है। विशेष रूप से दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में सड़क सुविधा का विस्तार स्थानीय लोगों के जीवन को सुगम बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे सकता है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य की ओर से भेजे गए सड़क प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। अब इन प्रस्तावों की स्वीकृति और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ने पर 610 बसावटों के सड़क संपर्क का लक्ष्य पूरा करने की दिशा में प्रगति हो सकेगी।

