मिशन रिपीट के लिए भाजपा का मेगा प्लान

मिशन रिपीट के लिए भाजपा का मेगा प्लान

26 नवंबर को चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, संकल्प पत्र और समितियों का ऐलान

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अगले सप्ताह से पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आएगी। 21 नवंबर से संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। 22 नवंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरिद्वार में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देंगे। वहीं, 26 नवंबर को प्रदेश चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ पार्टी अपने संकल्प पत्र और चुनाव प्रबंधन से जुड़ी समितियों का ऐलान करेगी।

21 नवंबर से बैठकों का दौर

भाजपा 21 नवंबर को देहरादून में प्रदेश पदाधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित करेगी। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति बैठकें भी होंगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही संगठन को प्रदेश से लेकर जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक सक्रिय करना है।

राजनाथ सिंह देंगे जीत का मंत्र

22 नवंबर को हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों और संगठनात्मक इकाइयों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनावी रणनीति पर मंथन होगा। सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने, संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने तथा बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियां मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

24 नवंबर को पहुंचेगी समरसता यात्रा

चुनावी गतिविधियों के बीच भाजपा सामाजिक समरसता के मोर्चे पर भी सक्रिय रहेगी। संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष पखवाड़े के तहत सामाजिक समरसता यात्रा 24 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेगी। हिमाचल प्रदेश से शुरू हुई यह यात्रा पांवटा साहिब के रास्ते विकासनगर होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इसके बाद हरिद्वार और रुड़की होते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की ओर रवाना होगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार यात्रा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सद्भाव, समानता और एकजुटता का संदेश पहुंचाया जाएगा। पार्टी इसे संत रविदास के विचारों से जोड़कर सामाजिक संवाद मजबूत करने का माध्यम मान रही है।

26 नवंबर को चुनावी अभियान को मिलेगी रफ्तार

भाजपा की तैयारियों में 26 नवंबर सबसे महत्वपूर्ण दिन रहने वाला है। इस दिन प्रदेश चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के मुताबिक चुनाव संचालन के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय तैयार किया जा रहा है। यहीं से चुनाव संबंधी बैठकों, अभियानों, रणनीतियों और विभिन्न गतिविधियों का समन्वय किया जाएगा।

इसी दिन संविधान गौरव दिवस पर प्रदेश मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

संकल्प पत्र और चुनावी समितियों का ऐलान

भाजपा 26 नवंबर को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने संकल्प पत्र की भी विधिवत घोषणा करेगी। इसके साथ ही चुनाव प्रबंध समिति, चुनाव संचालन समिति और अन्य महत्वपूर्ण समितियों का गठन घोषित किया जाएगा। इनके जरिए चुनावी जिम्मेदारियों का बंटवारा और अभियान के संचालन की व्यवस्था तय होगी।

70 विधानसभा क्षेत्रों में खुलेंगे कार्यालय

प्रदेश चुनाव कार्यालय के बाद भाजपा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में भी चुनाव कार्यालय खोलने की तैयारी में है। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर चुनावी गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि प्रदेश नेतृत्व की रणनीति सीधे विधानसभा क्षेत्रों और बूथों तक पहुंचे।

भाजपा का यह पूरा कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी की रणनीति का हिस्सा है। बैठकों, सामाजिक संपर्क अभियानों, चुनाव कार्यालयों और समितियों के गठन के जरिए पार्टी समय रहते चुनावी मोर्चेबंदी मजबूत करना चाहती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *