लोहाघाट में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और मुन्ना ढेक आमने-सामने, 2027 में निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
हमारी पंचायत, खटीमा
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर खींचतान तेज होने लगी है। चंपावत जिले के लोहाघाट में पार्टी की एकजुटता का संदेश देने पहुंचीं प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा के सामने ही कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। जनसभा समाप्त होने के बाद लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक के बीच तीखी बहस और झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने आ गए और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
बुधवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस की विशाल जनसभा आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के अलावा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक भुवन कापड़ी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जनसभा के जरिए पार्टी नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन को मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की। हालांकि, कार्यक्रम के समापन के बाद सामने आए घटनाक्रम ने पार्टी की अंदरूनी खींचतान उजागर कर दी।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और उनके समर्थक मंच पर सम्मान नहीं मिलने तथा अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिए जाने से नाराज थे। मुन्ना ढेक का आरोप था कि उन्होंने जनसभा को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को जुटाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मंच से संबोधित करने का मौका नहीं दिया गया। इसी नाराजगी को लेकर कार्यक्रम के बाद विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और मुन्ना ढेक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने झड़प का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। हंगामे के बीच विधायक को वहां से निकलना पड़ा।
विवाद के दौरान कुछ महिलाओं ने विधायक पर धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगाए। वहीं, मुन्ना ढेक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर दी। उन्होंने ऐलान किया कि यदि कांग्रेस ने 2027 के चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को दोबारा टिकट दिया तो वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस बयान से लोहाघाट में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों और टिकट को लेकर चल रही अंदरूनी प्रतिस्पर्धा के संकेत भी सामने आए हैं।
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं के व्यवहार को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को शिकायत या नाराजगी है तो वह उनसे मिलकर अथवा पार्टी के उचित मंच पर अपनी बात रख सकता है। सार्वजनिक रूप से इस तरह विवाद करना उचित नहीं है।
जनसभा में एकजुटता का संदेश देने पहुंचा कांग्रेस नेतृत्व कार्यक्रम के बाद गुटबाजी के इस घटनाक्रम से असहज स्थिति में आ गया। चुनाव से पहले टिकट के दावेदारों के बीच बढ़ती खींचतान पार्टी के लिए संगठनात्मक चुनौती बन सकती है।

