धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड

धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड

36 हजार युवाओं को नौकरी, 3.50 लाख लखपति दीदी और यूसीसी समेत गिनाईं उपलब्धियां, 2027 में हैट्रिक का भरोसा

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ पूरी कैबिनेट और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सरकार ने रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यों को उपलब्धियों के रूप में सामने रखा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आई है। वर्ष 2022 में भी भाजपा ने अपने संकल्प जनता के सामने रखे थे और उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता ने राजनीतिक मिथक तोड़ते हुए भाजपा पर लगातार विश्वास जताया है। पार्टी अब 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।

36 हजार युवाओं को रोजगार का दावा

मुख्यमंत्री ने रोजगार को सरकार की प्राथमिकताओं में बताते हुए कहा कि पिछले वर्षों में 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। नकल रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया, जिसमें संगठित नकल के मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना के तहत 11 हजार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग देने की व्यवस्था की गई है। वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण लेकर 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है।

राज्य में करीब 2 हजार स्टार्टअप संचालित होने और नए उद्योगों के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया। छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई।

महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर

महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि पांच लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड का कारोबार साढ़े छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।

बैंणी-भुली योजना के माध्यम से करीब साढ़े पांच लाख महिलाओं को सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। एकल महिला रोजगार योजना में 75 प्रतिशत सरकारी सहायता का प्रावधान किया गया है। नंदा गौरा योजना और महालक्ष्मी किट योजना को भी महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी प्रमुख योजनाओं के रूप में गिनाया गया।

यूसीसी से लेकर सख्त कानूनों तक का जिक्र

सरकार ने समान नागरिक संहिता को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और सख्त भू-कानून लागू करने का उल्लेख किया। सरकार के अनुसार, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है। ऑपरेशन कालनेमि और मदरसा व्यवस्था में बदलाव को भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल किया गया।

पलायन और गरीब कल्याण पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 10 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है। अंत्योदय परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर निशुल्क रिफिल कराने की व्यवस्था जारी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक मकान बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत 6,500 से अधिक लोगों के गांव लौटने का दावा भी किया गया। सरकार ने इसे रिवर्स पलायन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी पर फोकस

स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। आयुष्मान योजना के तहत सितंबर तक 17 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये का कैशलेस उपचार मिला है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय, 500 सरकारी स्कूलों में डिजिटल स्टूडियो और झाझरा में साइंस सिटी के निर्माण को प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया गया।

कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और ऑल वेदर रोड का उल्लेख किया गया। प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट तैयार होने तथा इनमें से 12 पर सेवाएं शुरू होने की जानकारी भी दी गई।

पर्यटन, किसान और खिलाड़ियों के लिए योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा में इस बार 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। नंदा राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये और ऋषिकेश में राफ्टिंग कारोबार को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। किसानों के लिए पॉलीहाउस निर्माण में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान, जबकि ट्राउट पालन को बढ़ावा देने के लिए 170 करोड़ रुपये की योजना शुरू की गई है।

खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के 103 पदक और पदक तालिका में सातवें स्थान को उपलब्धि बताया गया। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत खेल कोटे का भी उल्लेख किया गया।

अर्थव्यवस्था में मजबूती का दावा

मुख्यमंत्री ने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड के पहले स्थान का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गया है। सरकार ने निवेश, कारोबार और नवाचार के क्षेत्र में राज्य की बढ़ती पहचान को भी अपनी उपलब्धियों में शामिल किया।

रिपोर्ट कार्ड के जरिए भाजपा ने चुनाव से पहले सरकार के कामकाज और योजनाओं को जनता के सामने रखने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर 2027 में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने का भरोसा जताया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *