मोरी में 19 साल में 450 मकान खाक

मोरी में 19 साल में 450 मकान खाक

वाणी में 33 भवन जले, 58 परिवार प्रभावित, अग्निकांड में तीन लोगों की जा चुकी है जान

हमारी पंचायत, मोरी /उत्तरकाशी

उत्तरकाशी की मोरी तहसील के गांवों में आग का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड में 33 आवासीय भवन जलकर राख हो गए। हादसे से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। एक पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। लेकिन यह हादसा कोई पहली घटना नहीं है। मोरी तहसील में पिछले 19 वर्षों के दौरान 450 से अधिक मकान आग की भेंट चढ़ चुके हैं। इन घटनाओं में तीन ग्रामीणों की जिंदा जलने से मौत हुई है, जबकि सैकड़ों मवेशियों की भी जान गई है।

लकड़ी के मकान बन रहे आग की बड़ी वजह

मोरी क्षेत्र में अग्निकांड की घटनाओं के पीछे पारंपरिक लकड़ी के भवनों को बड़ी वजह माना जाता है। क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत गांवों में देवदार और कैल की लकड़ी से मकान बने हैं। लकड़ी की अधिकता के कारण एक बार आग लगने पर लपटें तेजी से फैलती हैं। कई बार मकानों के एक-दूसरे से सटे होने के कारण आग पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लेती है। पवाणी में हुई ताजा घटना ने एक बार फिर इस खतरे को उजागर कर दिया है।

मोरी क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रही तरुण पर्यावरण विज्ञान संस्था के अध्यक्ष नागेंद्र दत्त के अनुसार, क्षेत्र के कई गांवों में 80 से 100 तक मकान हैं। पिछले 19 वर्षों में हुए अग्निकांडों का आंकड़ा बताता है कि पांच गांवों के लगभग सभी मकान आग की भेंट चढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों से बचाव के लिए ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतनी होगी। वहीं, प्रशासन को अग्निकांड रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।

किस साल किस गांव में बरपा आग का कहर

मोरी तहसील में अग्निकांड का इतिहास बेहद भयावह रहा है। वर्ष 2006 में ढाटमीर गांव में 120 भवन जलकर राख हो गए थे। छह अन्न के कोठार और सात मवेशी भी आग की भेंट चढ़े थे। वर्ष 2007 में ओसला गांव में 53 भवन जलने के साथ 83 मवेशियों की मौत हुई। वर्ष 2008 में जखोल में 44, कोटगांव में आठ, नैटवाड़ में पांच, भीतरी में दो और मजोणी में दो भवन आग की चपेट में आए।

वर्ष 2009 में सिदरी गांव में 25 भवन जल गए। इस हादसे में पिता-पुत्री की जिंदा जलने से मौत हुई और नौ पशु भी मारे गए। इसी वर्ष सुचाण गांव में आठ भवन जले। वर्ष 2011 में घारा गांव में पांच मकान जलने के साथ 15 पशुओं की मौत हुई। वर्ष 2012 में पांव तल्ला गांव में सात भवनों में आग लगी। वर्ष 2013 में सुनकंडी में 22 और सटूड़ी में तीन भवन जलकर राख हुए। वर्ष 2014 में जखोल में 16 भवन और 13 अन्न के कोठार आग की भेंट चढ़ गए।

वर्ष 2016 में रैक्चा गांव में नौ भवन, 2017 में सेवा गांव में चार और 2018 में सावणी गांव में 29 भवन जलकर राख हुए। इस अग्निकांड में करीब 100 मवेशी जिंदा जल गए थे। वर्ष 2020 में मसरी गांव में 28 भवन, 2022 में गंगाड़ में दो और 2024 में सालरा गांव में 14 भवन आग की चपेट में आए। इसी वर्ष ढाटमीर में भी तीन भवन जले। वर्ष 2025 में सावणी गांव में नौ भवन और पांच अन्न के कोठार जल गए। इस घटना में एक महिला की मौत हुई और चार मवेशी भी आग की भेंट चढ़े।

हर हादसे के बाद उठते हैं सुरक्षा के सवाल

मोरी के दूरस्थ गांवों में अग्निकांड से निपटना आज भी बड़ी चुनौती है। संकरी गलियां, एक-दूसरे से सटे लकड़ी के मकान और अग्निशमन संसाधनों की सीमित उपलब्धता राहत एवं बचाव कार्य में बाधा बनती है। हर बड़े अग्निकांड के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठते हैं, लेकिन घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा।

पवाणी की घटना के बाद अब जरूरत गांवों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने, पानी के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने, ग्रामीणों को प्रशिक्षण देने और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था मजबूत करने की है। सवाल यह है कि 19 वर्षों में सैकड़ों मकान राख होने के बाद भी क्या प्रशासन ऐसी व्यवस्था बना पाएगा, जिससे अगली बार किसी गांव को इस त्रासदी से न गुजरना पड़े?

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *