रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास हादसा, मृतकों में सात महिलाएं और चालक शामिल, चार घायल
हमारी पंचायत, पौड़ी गढ़वाल
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र में कलवाड़ी गांव के समीप हुआ, जहां यात्रियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी भंगलवाड़ गांव के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया। घायलों की पहचान शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) के रूप में हुई है। वहीं, आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा गया।
बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर लौट रही थीं महिलाएं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरने के बाद वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। रास्ते में कलवाड़ी के समीप यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतकों की पहचान कांति देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) के रूप में हुई है। सभी भंगलवाड़ गांव के रहने वाले थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीएम धामी ने जताया दुख, एयरलिफ्ट के निर्देश
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ में शोक की लहर है।

