बालक राम की शिकायत पर त्यूणी थाने में कार्रवाई, बेटियों को कांग्रेस में शामिल करने के लिए दबाव और धमकी देने के आरोप
हमारी पंचायत, देहरादून
उत्तराखंड के चकराता विधानसभा क्षेत्र से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। त्यूणी निवासी बालक राम की शिकायत पर 25 अक्टूबर को त्यूणी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। शिकायतकर्ता ने दोनों पर गाली-गलौज और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
बेटियों को कांग्रेस में शामिल करने के लिए दबाव का आरोप
शिकायत के मुताबिक, ऊर्जा निगम में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी बालक राम का आरोप है कि उन्हें फोन कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल करने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारने की धमकी भी दी गई।
मामले को लेकर बालक राम ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और अन्य भाजपा नेताओं के साथ देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल से मुलाकात कर शिकायत दी थी। एसएसपी ने शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
सीएम धामी ने भी दिए थे कार्रवाई के निर्देश
मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 24 अक्टूबर को पीड़ित की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज
त्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह के मुताबिक, बालक राम की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
