रुद्रपुर में धामी का विपक्ष पर हमला, राहुल-अखिलेश को घेरा

रुद्रपुर में धामी का विपक्ष पर हमला, राहुल-अखिलेश को घेरा

सनातन विरोधी मानसिकता का लगाया आरोप, रामपुर तिराहा कांड और सेना के मुद्दे पर कांग्रेस-सपा को घेरा

हमारी पंचायत, रुद्रपुर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। गांधी पार्क में आयोजित जनसभा में उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को निशाने पर लेते हुए विपक्ष पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने, देश में भ्रम फैलाने और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी स्थिति ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ जैसी हो गई है। जनता ने कांग्रेस को असली संसद से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के जरिए भी अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने की कोशिश कर रहा है।

दिल्ली रैली और कांग्रेस पर निशाना

सीएम धामी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद भी रैली आयोजित की जा सकती थी, लेकिन व्यापारियों की परेशानियों को नजरअंदाज कर बाजारों और दुकानों को बंद कराया गया। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा और अराजकता का माहौल बनाया गया।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो जनता के लिए खतरनाक साबित होती है और सत्ता से बाहर होती है तो देश के लिए खतरा बन जाती है।

राहुल गांधी पर सेना और अजीत डोभाल के मुद्दे पर हमला

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है। ऐसे में सेना के शौर्य पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों और उनके परिवारों का अपमान है।

सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई का सबूत मांगते हैं तो कभी देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपने ही नेता के बयानों का विरोध करने की भी नसीहत दी।

रामपुर तिराहा कांड को लेकर अखिलेश पर निशाना

सीएम धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड में सात लोगों की जान गई थी, जबकि रामपुर तिराहा कांड में हुई घटनाओं ने मानवता को शर्मसार किया था।

मुख्यमंत्री ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए इन घटनाओं के जख्म आज भी ताजा हैं। धामी ने अखिलेश यादव पर उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे जिहादी और उन्मादी नारों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। धामी ने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं।

कांग्रेस को प्रायश्चित यात्रा निकालने की सलाह

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा नहीं, बल्कि अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने संबंधी विपक्ष के बयानों पर भी उन्होंने निशाना साधा। धामी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध और भ्रम फैलाना रह गया है। राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब यह दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।

उत्तराखंड में विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को प्रदेश में वापसी का मौका नहीं देने का आह्वान किया।

धामी ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं दूर हुई हैं। इसके साथ ही प्रदेश में एम्स की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

फरियाद लेकर पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका

जनसभा के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मुख्यमंत्री से मिलने के लिए एक युवक अपनी फरियाद लेकर पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोक दिया और बाहर धकेल दिया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। मामला सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक की बात सुनने का प्रयास किया।

गांधी पार्क से निकली पदयात्रा

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और विधायक शिव अरोरा समेत पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।

पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *