सरकारी स्कूलों की सुध लें अधिकारी

सरकारी स्कूलों की सुध लें अधिकारी

सांसद त्रिवेंद्र ने बच्चियों को सुकन्या योजना से जोड़ने और विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

हमारी पंचायत, हरिद्वार

हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की स्थिति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को उनकी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की आवाज अक्सर अनसुनी रह जाती है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं स्कूलों का निरीक्षण कर वहां की जरूरतों और समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

गुरुवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत, विधायक वीरेंद्र जाति, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और बच्चों की जरूरतों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। अधिकारी केवल योजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर उनकी स्थिति भी देखें। उन्होंने पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बच्चियों के भविष्य पर जोर

बैठक में सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में जन्म लेने वाली बच्चियों को सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार कई बार बच्चियों के भविष्य के लिए पर्याप्त बचत नहीं कर पाते। ऐसे परिवारों की पहचान कर संबंधित विभाग उनके नाम पर सुकन्या समृद्धि खाते खुलवाने के लिए पहल करें।

उन्होंने समाजसेवियों से भी इस दिशा में सहयोग करने की अपील की। सांसद के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बच्चियों के खाते खुलवाने में समाजसेवी आर्थिक मदद कर सकते हैं। इससे उनके भविष्य के लिए शुरुआती स्तर से ही बचत सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई परिवार इस तरह की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते।

कुंभ से पहले पूरे होंगे हाईवे

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अगले साल होने वाले कुंभ मेले से पहले दिल्ली से जुड़ने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। इससे दिल्ली और एनसीआर से हरिद्वार पहुंचने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।

उन्होंने हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में आई कमी पर संतोष जताया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान लागू होने वाली आचार संहिता को देखते हुए विकास और निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने पर जोर दिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *