भालू का हमला, महिला गंभीर

भालू का हमला, महिला गंभीर

उत्तरकाशी के खराड़ी में घास काटते समय 52 वर्षीय महिला पर किया हमला, हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा

हमारी पंचायत, उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जिले में भालू के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भटवाड़ी तहसील के खराड़ी क्षेत्र में घास काटने गई 52 वर्षीय महिला पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला प्रशासन ने हेली एंबुलेंस से उसे एम्स ऋषिकेश भेजा।

जानकारी के अनुसार, भटवाड़ी तहसील के उत्तरों गांव निवासी शकुंतला देवी (52) पत्नी राजबीर सिंह मखलोगा शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे खराड़ी के नामे तोक में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने जिला प्रशासन से हेली एंबुलेंस की मांग की। प्रशासन ने उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के साथ समन्वय कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था की। शनिवार शाम करीब 4:15 बजे जोशियाड़ा हेलीपैड से महिला को एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया।

उधर, जिले में लगातार सामने आ रहे भालू के हमलों से ग्रामीणों में दहशत है। जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों के साथ घास और लकड़ी लेने जंगल जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

बाड़ाहाट रेंज अधिकारी मुकेश रतूड़ी ने बताया कि घायल महिला को वन विभाग के निर्धारित नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन कर्मियों की गश्त भी बढ़ा दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *