सीएम ने किया बाड़े का लोकार्पण, कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश
हमारी पंचायत, देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मालसी चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ तेजस का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण किया। करीब एक महीने तक क्वारंटीन में रखे जाने के बाद तेजस को पर्यटकों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। इससे पहले स्कूली बच्चों को यह सुविधा दी जा चुकी है।

करीब ढाई साल का सफेद बाघ तेजस मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत देहरादून लाया गया था। 27 सितंबर 2026 को उसे ग्वालियर से रवाना किया गया और 28 सितंबर को करीब 556 किलोमीटर का सफर तय कर मालसी चिड़ियाघर पहुंचाया गया। उसके साथ पशु चिकित्सकों और वन विभाग के अधिकारियों सहित 13 सदस्यीय टीम भी मौजूद थी।
इस आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत देहरादून चिड़ियाघर के करीब पांच वर्षीय रॉयल बंगाल टाइगर भोला को ग्वालियर भेजा गया था। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) की अनुमति के बाद पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
30 दिन क्वारंटीन में रहा तेजस
देहरादून पहुंचने के बाद तेजस को नए वातावरण के अनुकूल बनाने और उसके स्वास्थ्य की निगरानी के लिए अलग बाड़े में रखा गया था। करीब 30 दिन की क्वारंटीन अवधि 28 अक्टूबर को पूरी हुई। इस दौरान उसके खानपान, स्वास्थ्य, गतिविधियों और व्यवहार पर लगातार नजर रखी गई। चिकित्सकों की नियमित जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे सफेद बाघ के निर्धारित बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया।
तेजस नर सफेद रॉयल बंगाल टाइगर है। चिड़ियाघर में उसके लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप विशेष बाड़ा तैयार किया गया है। उत्तराखंड के चिड़ियाघर में यह पहला सफेद बाघ है। उसके आने के बाद से ही पर्यटक उसके सार्वजनिक प्रदर्शन का इंतजार कर रहे थे।

सालाना आठ लाख से ज्यादा पर्यटक
मालसी चिड़ियाघर पहले से ही देहरादून के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 23 मार्च 2026 तक चिड़ियाघर में 7,88,730 पर्यटक पहुंचे थे। इससे 5 करोड़ 83 लाख 86 हजार 150 रुपये की आय हुई।
इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 6,82,635 पर्यटकों ने चिड़ियाघर का भ्रमण किया था और करीब 4.62 करोड़ रुपये की आय हुई थी। वहीं, 2023-24 में 7.36 लाख पर्यटक पहुंचे थे और लगभग 4.36 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। सफेद बाघ तेजस के आने से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त प्रवेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कॉलेज विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। इसका उद्देश्य युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। स्कूली बच्चों को पहले से ही मुफ्त प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर बच्चों और युवाओं को प्रकृति तथा वन्यजीवों को करीब से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उत्तराखंड जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य में नई पीढ़ी को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने को सरकार की प्राथमिकता बताया।
वहीं, वन मंत्री सुबोध उनियाल ने सफेद बाघ तेजस के आने को विभाग की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन को बढ़ावा मिलेगा।

