हिमालयन लीफ ने वीरों को दी हरित श्रद्धांजलि

हिमालयन लीफ ने वीरों को दी हरित श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर ‘एक पौधा वीरों के नाम’ अभियान की शुरुआत
हमारी पंचायत, देहरादून

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था हिमालयन लीफ ने शहीदों की स्मृति को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए एक अनूठी पहल की। संस्था ने देहरादून के हरभजवाला क्षेत्र में ‘हरित श्रद्धांजलि’ अभियान का शुभारंभ करते हुए ‘एक पौधा वीरों के नाम’ थीम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के माध्यम से कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद संस्था के पदाधिकारियों, स्थानीय नागरिकों और बच्चों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया, ताकि यह पहल केवल औपचारिक आयोजन न रहकर स्थायी पर्यावरणीय अभियान का रूप ले सके।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष हरीश सनवाल ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके सम्मान में पौधारोपण करना सच्ची श्रद्धांजलि के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि ‘एक पौधा वीरों के नाम’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देशभक्ति और प्रकृति संरक्षण को साथ लेकर चलने का संदेश है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण की सुरक्षा में भी अपनी भूमिका निभाए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों की भागीदारी विशेष आकर्षण रही। संस्था के सदस्यों ने बच्चों को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता से अवगत कराया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उसकी देखभाल करना उससे कहीं अधिक आवश्यक है। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में वृक्षारोपण का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। जलवायु परिवर्तन, भूस्खलन और घटते जल स्रोतों जैसी चुनौतियों के बीच ऐसे सामुदायिक अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से हिमालयन लीफ ने ‘हरित श्रद्धांजलि’ अभियान को नियमित रूप से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम में राजेंद्र कुँवर, सुनीता भंडारी, चंद्रमोहन नगवाल, सतीश मनौड़ी, शिवम सनवाल, दिनेश पांडे, राजू रावत, जय प्रकाश सहित अनेक स्थानीय नागरिक और बच्चे उपस्थित रहे। अंत में सभी ने ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ कारगिल के अमर शहीदों को नमन किया और लगाए गए पौधों की सुरक्षा व संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

4 Comments

  1. Thank you for the auspicious writeup. It in fact was a amusement account it. Look advanced to more added agreeable from you! By the way, how could we communicate?

  2. Login is super quick and I love the bonuses they offer for new users. It makes the whole gaming session much more exciting. Check out winph55loginapp if you want some real action.

  3. The gameplay here is just top notch. I had a few questions and the support team handled them quickly. Big thumbs up for br3333br for the great service!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *