मुख्यमंत्री बोले- किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना प्राथमिकता
हमारी पंचायत, देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, एम-पैक्स से गांव और गांवों से उत्तराखंड समृद्ध बनेगा। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से पंतनगर में सहकार भारती की ओर से आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने, कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का माध्यम बन सकती है।
धामी ने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों के अनुसार इन्हें एम-पैक्स के रूप में सक्षम बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं, युवाओं को अवसर और ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण से प्रतिनिधियों को नई सोच और कार्यदृष्टि के साथ अपने क्षेत्रों में सहकारिता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाना चाहती है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल समेत अन्य पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे।

