ऋषिकेश में विदेशी महिला पर्यटकों ने समेटा कचरा, वीडियो वायरल होने पर लोगों ने की सराहना
हमारी पंचायत, ऋषिकेश
गंगा को मां का दर्जा देने वाले लोग अक्सर उसी के किनारों पर गंदगी छोड़ जाते हैं, लेकिन ऋषिकेश में कुछ विदेशी महिला पर्यटकों ने सफाई की ऐसी मिसाल पेश की है, जो स्थानीय लोगों के लिए भी आईना है। गंगा घाट पर फैले प्लास्टिक और पॉलिथीन को इन महिलाओं ने खुद उठाकर काले बैग में जमा किया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उनके प्रयास की सराहना कर रहे हैं।
वीडियो में विदेशी महिला पर्यटक हाथों में दस्ताने पहनकर गंगा तट पर बिखरे प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य कचरे को उठाती दिखाई दे रही हैं। ये महिलाएं ऋषिकेश घूमने और गंगा की सुंदरता निहारने आई थीं, लेकिन घाट पर फैली गंदगी देखकर उन्होंने सफाई की जिम्मेदारी भी खुद उठा ली। वहां मौजूद एक युवक ने इस पूरे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो बना रहे युवक ने कहा कि जिस गंगा को हम मां कहते हैं, उसी के किनारों पर गंदगी फैलाने से भी पीछे नहीं हटते। दूसरी ओर, विदेश से आए पर्यटक हमारी नदियों और प्राकृतिक धरोहरों को स्वच्छ रखने के लिए अपना समय दे रहे हैं। उसने मुजफ्फरनगर की काली नदी और हरिद्वार के आगे गंगा में बढ़ते प्रदूषण का जिक्र करते हुए लोगों से नदियों को साफ रखने की अपील की।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोग विदेशी पर्यटकों की पहल की तारीफ कर रहे हैं। साथ ही सवाल उठा रहे हैं कि जब विदेशी पर्यटक गंगा की स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझ सकते हैं तो स्थानीय लोग और श्रद्धालु ऐसा क्यों नहीं कर सकते?
गंगा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर भी है। इसके बावजूद घाटों पर प्लास्टिक और पॉलिथीन का फैलता कचरा स्वच्छता के दावों पर सवाल खड़े करता है। विदेशी पर्यटकों की यह छोटी-सी पहल एक बड़ा संदेश दे रही है कि गंगा की स्वच्छता केवल सरकार या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति का दायित्व है जो इसके किनारे पहुंचता है।

