हरिद्वार में जुटे 37 शिक्षा बोर्ड, शिक्षा पर मंथन

हरिद्वार में जुटे 37 शिक्षा बोर्ड, शिक्षा पर मंथन

तीन दिवसीय सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल, विद्यार्थी के सामाजिक और भावनात्मक विकास पर चर्चा

हमारी पंचायत, हरिद्वार

स्कूली शिक्षा में बदलती चुनौतियों, विद्यार्थियों के सामाजिक एवं भावनात्मक विकास और मूल्यपरक शिक्षा को लेकर देशभर के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधि हरिद्वार में जुटे हैं। पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में नेपाल, भूटान और अमेरिका सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है।

सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह, काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एमसी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

सम्मेलन में बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की चुनौतियों पर चर्चा की जा रही है। शिक्षा को केवल परीक्षा, डिग्री और रोजगार तक सीमित रखने के बजाय संस्कार, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया।

शिक्षा में पारदर्शिता जरूरी : धन सिंह रावत

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में उभर रहा है। सम्मेलन में तीन दिनों तक होने वाले विचार-विमर्श और सुझावों को अमल में लाया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन और अधिकारियों से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षाओं के संचालन की प्रक्रिया में सुधार की जरूरत है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सरकार के साथ समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। बोर्डों से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें, इसके लिए शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा।

संस्कारों से बनेगा चरित्र : स्वामी रामदेव

योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री और रोजगार उपलब्ध कराना नहीं होना चाहिए। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जो विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करे।

उन्होंने कहा कि मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारत की समृद्ध गुरुकुल परंपरा और स्वदेशी ज्ञान-विज्ञान को कमजोर किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड की परिकल्पना गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से आत्मनिर्भर, चरित्रवान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न पीढ़ी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

शुरुआती वर्षों में बनता है व्यक्तित्व

भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने कहा कि बच्चे के गर्भ में आने से लेकर सामाजिक जीवन में प्रवेश करने तक का प्रत्येक चरण उसके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण होता है। जीवन के शुरुआती 14 से 15 वर्षों में विकसित होने वाले संस्कार, मूल्य और व्यवहार ही आगे चलकर उसके व्यक्तित्व की दिशा तय करते हैं। उन्होंने सम्मेलन के विषय को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षाविदों और शिक्षा बोर्डों के अधिकारियों के हाथों में राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सम्मेलन ज्ञान के आदान-प्रदान और अनुभव साझा करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ज्ञान अनंत है और ऐसे आयोजनों से सभी को एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिलता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *